रतलाम मंडल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

रतलाम 22 जुलाई। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित समिति कक्ष में कर्तव्य फाउंडेशन, रतलाम द्वारा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुंजीलाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपायों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता, काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट एवं साइकोथेरेपिस्ट श्रीमती निहारिका गादिया बंबोरी ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तनाव (Stress) का स्तर किस प्रकार व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, कार्यक्षमता तथा पारिवारिक जीवन को प्रभावित करता है। साथ ही तनाव के विभिन्न कारणों की पहचान, उसके प्रारंभिक लक्षणों एवं उसे नियंत्रित करने के प्रभावी उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की।
श्रीमती निहारिका गादिया बंबोरी ने नियमित व्यायाम, योग एवं ध्यान, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन तथा परिवार एवं सहकर्मियों के साथ संवाद बनाए रखने को मानसिक तनाव कम करने के प्रभावी उपाय बताया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और समय रहते उचित देखभाल एवं परामर्श से अनेक मानसिक समस्याओं से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुंजीलाल मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि रेलवे कर्मचारियों की कार्यक्षमता एवं बेहतर सेवा के लिए उनका मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि तनावमुक्त एवं सकारात्मक कार्य वातावरण कर्मचारियों के व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन दोनों के लिए लाभदायक होता है।
कार्यक्रम का आयोजन मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) श्री सोमनाथ गायकवाड़ के मार्गदर्शन एवं पहल पर किया गया। इस दौरान मंडल के सभी शाखा अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ वक्ता से मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे तथा उपयोगी सुझाव प्राप्त किए। कर्तव्य फाउंडेशन द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound