रतलाम । शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर श्री गोपालचंद्र डाड से मुलाकात कर शहर में कोरोना की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्य योजना प्रस्तुत की।
महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन एवं पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि यदि प्रशासन इस कार्य योजना को लागू करता है तो महावीर इंटरनेशनल इस व्यवस्था को लागू करने में सहयोग करेगा और प्रारंभिक लक्षण वाले मरीजों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवा की 1000 कोविड किट निशुल्क प्रदान करेगा।
अध्यक्षद्वय ने कहा कि कोरोना की गंभीरता को देखते हुए आवश्यकता है कि शहर में कम से कम 10 कोविड क्लीनिक प्रारंभ किए जाए। जहां मरीज के प्रारंभिक लक्षणों की जांच कर चिकित्सक की सलाह अनुसार प्राथमिक इलाज शुरू कर दिया जाए जिससे कि मरीज के गंभीर होने के खतरे को और उसके द्वारा अन्य व्यक्तियों में संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इस प्रकार की कार्य योजना से अधिकांश मरीजों को होम आइसोलेशन में हैं प्रभावी इलाज दिया जा सकेगा और अस्पताल में भर्ती होने की, ऑक्सीजन की, रेमडिसीवर इंजेक्शन की आवश्यकता को कम किया जा सकेगा। इस कार्य योजना से मरीज के गंभीर होने की दर और मृत्यु दर को प्रभावी रूप से कम किया जा सकेगा। जिला कलेक्टर श्री गोपालचंद्र डाड ने पूर्ण सहयोग का आश्वान दिया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. जितेंद्र गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर एवं मेडिकल कॉलेज र्कोडिनेटर सुश्री शिराली जैन एवं विशाल वर्मा उपस्थित थे।