
रतलाम। पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रगति नेचुरल एंड सोशल डेवलपमेंट सोसायटी ने स्वर्गीय श्री चन्द्र सिंह सिसोदिया की स्मृति में अलकापुरी स्थित अलकेश्वर महादेव मंदिर परिसर के बगीचे की हेरिटेज शैली में आकर्षक बाउंड्री का निर्माण जनसहयोग से पूर्ण कराया।
सोसायटी पिछले लगभग 40 वर्षों से इस बगीचे के संरक्षण एवं संवर्धन में निरंतर कार्यरत है। जिस स्थान पर कभी लगभग 20 फीट गहरा गड्ढा हुआ करता था, उसे मिट्टी से भरवाकर हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया। इसके बाद पौधारोपण, तार फेंसिंग तथा अब जनसहयोग से स्थायी एवं आकर्षक हेरिटेज बाउंड्री का निर्माण कर पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास को नई पहचान दी गई है।
शहर के प्रथम नागरिक महापौर प्रहलाद पटेल द्वारा नगर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पौधारोपण को प्रोत्साहित करने तथा उद्यानों के संरक्षण के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों से प्रेरणा लेते हुए सोसायटी ने यह कार्य पूर्ण किया। संस्था का मानना है कि केवल शासन पर निर्भर रहने के बजाय नागरिकों को भी अपने आसपास के प्राकृतिक संसाधनों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा एवं संवर्धन में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि “जिस स्थान पर हम रहते हैं, उसकी सुरक्षा और सुंदरता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जनसहयोग से किए गए ऐसे कार्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।”
उन्होंने बताया कि शहर में किसी भी सार्वजनिक स्थल पर बाउंड्री निर्माण हेतु हेरिटेज डिजाइन की आवश्यकता होने पर प्रगति नेचुरल एंड सोशल डेवलपमेंट सोसायटी द्वारा संस्था के माध्यम से ₹21,000 तक की डिजाइन निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला सुरक्षा एवं गोसेवा जैसे जनहितकारी विषयों पर कार्य करते हुए संस्था के नाम छह विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। संस्था का यह प्रयास न केवल हरित वातावरण को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में जनभागीदारी आधारित पर्यावरण संरक्षण की एक प्रेरक मिसाल भी प्रस्तुत करता है।