मण्डल रेल प्रबंधक, रतलाम श्री अश्वनी कुमार एवं पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन रतलाम मंडल की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा ने किया पौधरोपण




रतलाम, 26 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मंडल के विभिन्न स्थानों पर व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक रतलाम श्री अश्वनी कुमार के निर्देशानुसार रतलाम मंडल में प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बड़ी संख्या में पौधे लगाए जा रहे हैं।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रतलाम ऑफिसर्स रेलवे कॉलोनी के रोड नंबर-8 पर आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार एवं पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन, रतलाम मंडल की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर लगभग 50 पौधों का रोपण किया। इस वृक्षारोपण कार्यक्रम का का प्रबंध वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(समन्वय) श्री पीयूष पाण्डेय द्वारा किया गया।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुमार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इसी क्रम में बिनजाना स्टेशन रेलवे कॉलोनी में देवास एवं बिनजाना स्टेशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से 250 से अधिक पौधे लगाए गए । इस अभियान में परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, रेलवे सुरक्षा बल तथा सिविल डिफेंस सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में स्टेशन स्टाफ के परिवारजन एवं बच्चों की भी उल्लेखनीय सहभागिता रही। सभी उपस्थितजनों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
रतलाम मंडल द्वारा संचालित यह नियमित रविवार वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी रेलकर्मियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।