
जावरा (अभय सुराणा) । पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जन अभियान के तहत जन अभियान परिषद – नवांकुर समिति अटल ग्राम सामाजिक संगठन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। संगठन की ओर से जैन दिवाकर हायर सेकेण्डरी विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण के बीच वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं समिति के सदस्यों ने विद्यालय प्रांगण में फलदार एवं छायादार पौधे रोपे और उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के दौरान विकास खंड समन्वयक युवराज सिंह पवार ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान न केवल पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में मददगार है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और माँ के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक अनूठा जरिया भी है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
वृक्षारोपण के इस विशेष अवसर पर विकास खंड समन्वयक युवराज सिंह पवार के साथ ही अभय कोठारी, अभय श्रीमाल, वीरेन्द्र सिंह चौहान, मुकेश विश्वकर्मा, डिम्पेश श्रीमाल सहित विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं समिति के अन्य गणमान्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी उपस्थित जनों ने परिसर को हरा-भरा रखने और आने वाली पीढ़ी को शुद्ध पर्यावरण देने के लिए इस तरह के अभियानों को निरंतर जारी रखने का संदेश दिया।