श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप द्वारा वृक्षारोपण, पारिवारिक मिलन एवं संस्कार शिविर का सफल आयोजन

रतलाम। श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप द्वारा रविवार को कृष्णा रिसॉर्ट, शिवगढ़ में वृक्षारोपण, पारिवारिक मिलन समारोह एवं बच्चों के लिए संस्कार शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ परिवारों में आपसी प्रेम, एकता, सामाजिक समरसता एवं नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति और संस्कारों का विकास करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण से हुआ, जिसमें ग्रुप के सभी सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके पश्चात बच्चों के लिए आयोजित संस्कार शिविर में प्रेरणादायी कहानियों, खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं नैतिक शिक्षा के माध्यम से अनुशासन, सेवा, सहयोग, बड़ों के सम्मान एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों से परिचित कराया गया। पारिवारिक मिलन समारोह में सभी सदस्यों ने सपरिवार सहभागिता करते हुए सौहार्द, भाईचारे एवं सामाजिक एकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में मनोरंजक खेल, पारिवारिक गतिविधियाँ एवं सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया, जिसका सभी ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से आगामी 15 अगस्त 2026 को श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप के 35वें विशाल रक्तदान शिविर के आयोजन का निर्णय लिया गया। ग्रुप के अध्यक्ष श्री महेश जी अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर समाजसेवा एवं मानवता के प्रति ग्रुप की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा। उन्होंने सभी सदस्यों एवं समाजजनों से रक्तदान महाअभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ग्रुप के उपाध्यक्ष श्री अमित अग्रवाल, सचिव श्री विजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री रितेश अग्रवाल, डॉ. तरुण गर्ग, वरिष्ठ साथी श्री संजय चौधरी, श्री राजेश मेगा, श्री विवेक अग्रवाल, श्री सुनील अग्रवाल, श्री गोविंद गुप्ता, श्री राकेश अग्रवाल, श्री योगेश अग्रवाल, श्री सुमित अग्रवाल, श्री सुरेंद्र जी सहित ग्रुप के सभी सदस्य, महिला शक्ति, युवा साथियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में ग्रुप के कोषाध्यक्ष श्री रितेश अग्रवाल ने सभी अतिथियों, सदस्यों, महिला शक्ति, युवा साथियों एवं बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, संस्कार निर्माण, सामाजिक एकता एवं जनसेवा से जुड़े ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound