

रतलाम 30 जुलाई । विद्यार्थी जीवन की पहली सीख ही अनुशासन से शुरू होती है । अनुशासन वह पहली सीढ़ी है जो सफलता का द्वार खोलती है । आप किसी भी क्षेत्र में जाएं, यदि आपके जीवन में अनुशासन है तो आपको सफलता अवश्य मिलती है। अच्छे परिणाम के लिए अनुशासित पढ़ाई ज़रूरी है और अच्छे जीवन के लिए अनुशासित विचार ।
उक्त बात कन्या शिक्षा परिसर रतलाम में आयोजित समारोह में जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त श्रीमती प्रियंका राय ने कही। उन्होंने कहा कि विद्यालय की गतिविधियों में छात्रा परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका होती है । गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यार्थियों को जो दायित्व दिया जा रहा है, वे उसे अपने जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाने के लिए उपयोग करें। उन्होंने छात्रा परिषद की सदस्यों को बैज लगाकर दायित्व की शपथ दिलाई ।
संस्था प्राचार्य श्री गणतंत्र मेहता ने इस अवसर पर कहा कि संस्था की सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को छात्रा परिषद में दायित्व प्रदान किया जाता है । यह छात्र परिषद संस्था की समस्त रचनात्मक गतिविधियों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है । इन गतिविधियों से बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, कला कौशल का विकास होता है।
नीट में सफल छात्राओं को सम्मानित किया
इस अवसर पर सहायक आयुक्त श्रीमती राय ने कन्या शिक्षा परिसर रतलाम की चार बालिकाओं का नीट में चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया एवं शुभकामनाएं प्रदान की । उल्लेखनीय है कि संस्था में अध्यनरत रहकर बालिकाओं सागर मईड़ा, पायल कटारा, दुर्गा डामोर, पायल डाबी ने अपनी शैक्षणिक प्रगति के साथ नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में भी सफलता प्राप्त कर विभाग का नाम गौरवान्वित किया है।
बालिकाओं को बैज लगाया गया
श्रीमती राय ने छात्रा परिषद की सदस्यों अंतिमबाला डामोर, सपना भिलाला , सपना कटारा , मीनाक्षी डामोर , रवीना भाभर , वसुंधरा चारेल, अनामिका मईड़ा , नेहा डामोर, रवीना मईड़ा , रॉयल भूरिया , अंजलि डामोर, रंजना गरवाल, जीतू निनामा, रवीना निनामा, तनीषा पारगी, कुसुम वसुनिया, रवीना चारेल, हर्षिता मईड़ा , किरण गामड़ का बैज लगाकर स्वागत किया। शिक्षक रमेश चंद्र पंड्या, निलेश जैन, सीमा कनेरिया, नेहा जैन ने गुरू पूर्णिमा पर्व पर विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर संस्था के शिक्षकगण, विद्यार्थी मौजूद थे । कार्यक्रम का संचालन पंकज मुकाती ने किया और आभार प्रदर्शन सीमा कनेरिया ने किया।