
जावरा (अभय सुराणा)। सिविल हॉस्पिटल जावरा में पदस्थ एएनएम श्रीमती ईना दास ने अपनी 36 वर्ष की सफल, समर्पित एवं निष्कलंक शासकीय सेवा पूर्ण कर सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर सिविल हॉस्पिटल परिसर में भावभीना सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उनके दीर्घ सेवाकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय सिंह भाटी, विधायक प्रतिनिधि, नगर पालिका परिषद जावरा ने कहा कि श्रीमती ईना दास ने 36 वर्षों तक पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर एक प्रेरणादायी मिसाल कायम की है। उनका सेवा भाव, उत्कृष्ट व्यवहार एवं कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए अनुकरणीय है।
डॉ. अतुल मंडवारिया ने कहा कि श्रीमती ईना दास ने पल्स पोलियो अभियान, राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान, नसबंदी अभियान, दस्तक अभियान सहित अनेक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों में उल्लेखनीय कार्य किया। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें ब्लॉक एवं जिला स्तर पर कई बार सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अरुण गुप्ता, डॉ. प्रकाश उपाध्याय एवं डॉ. एस. के. वरुण ने कहा कि श्रीमती ईना दास ने विशेष रूप से कोरोना काल में अपनी अमूल्य सेवाएँ देकर मानवता की सच्ची मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक उत्थान एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी।
कार्यक्रम में खेरुनीशा खान, शशिकला वर्मा, शिरोमणि मसीह, श्वेता सिंह, कैलाश पवार, रशीद कादरी, भरत बीडवान, गोपाल सिंह राठौर एवं नाजनीन खान सहित उपस्थित साथियों ने श्रीमती ईना दास के सेवाकाल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में उनके जैसा कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार, मेहनती, मिलनसार एवं संवेदनशील व्यक्तित्व विरले ही देखने को मिलता है।
समारोह के दौरान श्रीमती ईना दास का हार-फूल, शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। अभिनंदन पत्र का वाचन डॉ. अतुल मंडवारिया ने किया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत अनीता जोशी, स्वीटी झाला, पदमा चंद्रावत, सपना भाटी, रंजना कुमावत, तनवी फूलवानी, गजेंद्र, रमेश माली एवं ओंकार सहित अन्य साथियों ने किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शैलेन्द्र कुमार दवे ने किया तथा अंत में भारत सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।