प्रधानमंत्री जी के ‘ग्रीन मोबिलिटी’ विजन को अंगीकार करते हुए पश्चिम रेलवे का पहला हायर इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन रतलाम मंडल में शामिल

रतलाम, 31 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए भारत सरकार एवं माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘ग्रीन मोबिलिटी’ और ‘सतत विकास’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल एक नई उपलब्धि हासिल करने में सफल रहा है। रतलाममंडल ने पश्चिम रेलवे के इतिहास में पहली बार हायर आधार पर इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन शामिल कर एक नई पहल की है। यह वाहन जनसंपर्क अधिकारी, इंदौर के कार्यालयीय उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया है।
भारतीय रेलवे निरंतर पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली को अपनाने एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में रतलाम मंडल ने पारंपरिक ईंधन आधारित वाहनों पर निर्भरता कम करने तथा स्वच्छ ऊर्जा के अधिकतम उपयोग की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इलेक्ट्रिक वाहन के उपयोग से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान को मजबूती मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण पहल को मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के मार्गदर्शनएवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हिना वी. केवलरामानी के परामर्श में सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया। साथ ही वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सुश्री नूूूपुर चौधरी के सकारात्मक सहयोग एवं वित्तीय प्रक्रियाओं के प्रभावी समन्वय से इस कार्य को गति मिली। इनके संयुक्त प्रयासों का परिणाम है कि रतलाम मंडल ही नहीं, बल्कि संपूर्ण पश्चिम रेलवे में पहलीबार हायर आधार पर इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस जारी किया गया है।
इलेक्ट्रिक वाहन आधुनिक, ऊर्जा-कुशल एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन का सशक्त माध्यम हैं। इनका उपयोग संचालन लागत में कमी, ध्वनि प्रदूषण में नियंत्रण तथा जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता घटाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह पहल भारतीय रेलवे के हरित एवं टिकाऊ विकास के लक्ष्य को नई दिशा प्रदान करेगी।
रतलाम मंडल की यह अभिनव पहल अन्य मंडलों के लिए भी प्रेरणास्रोत एवं अनुकरणीय उदाहरण बनेगी। आने वाले समय में ऐसे पर्यावरण-अनुकूल प्रयासभारतीय रेलवे को अधिक ऊर्जा-कुशल, आधुनिक तथा सतत परिवहन प्रणाली के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।