- अपनी आस्था को दें पवित्रता की धार – निकटतम डाकघर से भी ले सकते हैं गंगोत्री का पवित्र गंगाजल
- गंगोत्री से सीधे आपके द्वार तक

रतलाम 31 जुलाई । वैसे तो भारतीय डाक विभाग वर्षभर आमजन को गंगोत्री से प्राप्त शुद्ध एवं पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराता है, लेकिन पवित्र श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं बढ़ती मांग को देखते हुए रतलाम डाक संभाग द्वारा विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। रतलाम डाक संभाग के अंतर्गत रतलाम, जावरा, झाबुआ, अलीराजपुर एवं पेटलावद क्षेत्र के सभी विभागीय डाकघरों में गंगोत्री से प्राप्त पवित्र गंगाजल उपलब्ध है। बता दें कि डाक विभाग के काउंटरों पर गंगाजल की सतत मांग रहती है किन्तु श्रावण मास और शिवरात्रि के दौरान इसकी विशेष मांग रहती है।
इसलिए श्रावण मास में श्रद्धालुओं को गंगाजल आसानी से उपलब्ध कराने के लिए रतलाम डाक संभाग द्वारा प्रत्येक श्रावण सोमवार को प्रमुख शिव मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ श्रद्धालु गंगोत्री से प्राप्त पवित्र गंगाजल सहजता से प्राप्त कर सकेंगे। प्रमुख रूप से विरुपाक्ष महादेव मंदिर बिलपांक, केदारेश्वर महादेव मंदिर सैलाना, आनंदीकल्पेश्वर महादेव मंदिर आलोट, काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर रतलाम सहित अन्य महत्वपूर्ण मंदिरों पर विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त रतलाम डाक संभाग के अंतर्गत रतलाम, झाबुआ एवं अलीराजपुर जिलों के सभी विभागीय डाकघरों में भी श्रावण मास के दौरान गंगाजल की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी, जिससे श्रद्धालु शुद्ध एवं पवित्र गंगाजल सरलता से प्राप्त कर सकेंगे।