चेहल्लुम पर्व को लेकर रतलाम पुलिस अलर्ट – पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने हुसैन टेकरी पहुंचकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा

एसपी ने दल-बल के साथ किया क्षेत्र का निरीक्षण, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रतलाम । आगामी चेहल्लुम पर्व को दृष्टिगत रखते हुए रतलाम पुलिस द्वारा जिले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस बल के साथ थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा अंतर्गत हुसैन टेकरी पहुंचकर पर्व के दौरान की जाने वाली सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने हुसैन टेकरी क्षेत्र में भ्रमण कर आगामी चेहल्लुम पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित आवाजाही, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर दिए दिशा-निर्देश–
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली गई। बैठक में चेहल्लुम पर्व के दौरान संभावित भीड़ एवं श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात का सुचारु संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही लगातार पेट्रोलिंग एवं प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि हुसैन टेकरी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखा जाए। प्रमुख मार्गों, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं तथा पार्किंग स्थलों पर आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा आमजन एवं श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं।
साथ ही, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रहने तथा सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक अथवा अफवाहजनक सूचनाओं पर भी सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा रतलाम पुलिस की प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने कहा कि चेहल्लुम पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
रतलाम पुलिस द्वारा आगामी चेहल्लुम पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Play sound