सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के दिए निर्देश


रतलाम, 03 अगस्त। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने सोमवार को उज्जैन एवं उसके आसपास स्थित रेलवे स्टेशनों पर सिंहस्थ-2028 से संबंधित विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस अवसर पर रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री अक्षय कुमार सहित मंडल के सभी शाखाधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए उज्जैन एवं आसपास के क्षेत्रों में रेलवे द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं ताकि सिंहस्थ के दौरान यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। महाप्रबंधक ने सर्वप्रथम उज्जैन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार एवं अन्य निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा की। इसके पश्चात उन्होंने सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण पिंगलेश्वर, पवासा, नई खेड़ी, मोहनपुरा, विक्रमनगर एवं चिंतामन गणेश रेलवे स्टेशनों का भी गहन निरीक्षण किया। प्रत्येक स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म विस्तार, परिसंचरण व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की प्रगति का सूक्ष्म परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 पश्चिम रेलवे के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है तथा इसके सफल संचालन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक परियोजना को समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा कार्य की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया।
अपने दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने उज्जैन में निर्माणाधीन एमडीजेडटीआई (Multi Disciplinary Zonal Training Institute) का भी विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान के निर्माणाधीन कार्यालय भवन, महिला एवं पुरुष छात्रावास, अध्ययन कक्ष, रसोईघर, प्रशासनिक परिसर तथा अन्य सभी इकाइयों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे एवं अन्य अधिकारियों द्वारा निर्माणाधीन जोनल ट्रेनिंग स्कूल में वृक्षारोपण भी किया गया। महाप्रबंधक ने अधिकारियों से कहा कि रेलवे की आधारभूत संरचना के विकास में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री अक्षय कुमार ने महाप्रबंधक को सिंहस्थ-2028 से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, आगामी कार्ययोजना तथा समयबद्ध क्रियान्वयन की जानकारी दी। महाप्रबंधक ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए। इस अवसर पर इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, वाणिज्य, संरक्षा तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।