

रतलाम । रतलाम के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं इतिहास लेखक श्री नरेन्द्रसिंह पॅंवार का चयन राष्ट्रीय भर्तृहरि विक्रम भोज पुरस्कार समिति, भारत द्वारा वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित सामाजिक समरसता पुरस्कार के लिए किया गया है।
श्री पॅंवार को यह सम्मान विगत लगभग तीस वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान तथा भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण की दिशा में उनके साहित्यिक अवदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। विशेष रूप से परमार (पॅंवार) राजवंश के इतिहास, वंश-परम्परा एवं ऐतिहासिक गौरव को समर्पित उनके द्वारा रचित वृहद शोधपरक पुस्तक ‘परमार (पंवार) राजवंश रत्नमाला’ उनकी दीर्घकालीन ऐतिहासिक एवं साहित्यिक साधना का महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस पुस्तक के माध्यम से उन्होंने राजवंश के इतिहास एवं वंशीय परम्पराओं से संबंधित सामग्री के संकलन, अनुसंधान एवं अभिलेखीकरण का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
श्री नरेन्द्रसिंह पॅंवार, राजा भोज जनकल्याण सेवा समिति, रतलाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का नेतृत्व कर रहे हैं। समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय, सहयोग, आपसी सद्भाव एवं सामाजिक एकता की भावना को प्रोत्साहित करना उनके सामाजिक जीवन का प्रमुख उद्देश्य रहा है। सामाजिक चेतना के साथ ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के उनके सतत प्रयास उल्लेखनीय हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय भर्तृहरि विक्रम भोज पुरस्कार समिति, भारत द्वारा वर्ष 2019 से दस विशिष्ट क्षेत्रों में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट योगदानकर्ताओं को सम्मानित किया जाता रहा है। इसी क्रम में इस वर्ष सामाजिक समरसता के क्षेत्र में श्री पॅंवार के दीर्घकालीन योगदान को दृष्टिगत रखते हुए उनका चयन किया गया है।
श्री नरेन्द्रसिंह पॅंवार को रविवार, 15 नवम्बर 2026 को भोपाल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में पूर्व कुलपति डॉ. मानसिंह परमार के करकमलों से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं ₹5,000 की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।