
रतलाम । दीर्घ एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल पूर्ण करने पर वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता का सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह स्थानीय सैलाना रोड स्थित अमृत गार्डन में गरिमामय एवं उत्सवी वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण नरसिंहलाल गुप्ता, डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता, नूतन मजावदिया, आयुष गुप्ता, पलाशा गुप्ता एवं संबोधी गुप्ता ने किया । युक्ति फरक्या ने सरस्वती वंदना तथा संबोधी गुप्ता ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की भावपूर्ण शुरुआत दी। जांगडा
पोरवाल समाज ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया ने स्वागत उद्बोधन में डॉ. गुप्ता के उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की मंगलकामना की। बड़नगर से आये दिनेश पोरवाल ने उनके व्यवहार-कौशल, सहज व्यक्तित्व तथा सभी के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करने की अद्भुत क्षमता की प्रशंसा की।
वरिष्ठ अधिवक्ता कैलाश व्यास ने कहा कि भारतीय संस्कृति में ज्ञानदान को श्रेष्ठ दान माना गया है। शिक्षण विज्ञान के साथ साथ एक सृजनात्मक कला भी है। डॉ. गुप्ता उन विरले शिक्षकों में हैं जिन्होंने विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ अपने आचरण, व्यवहार और कार्यशैली से जीवन जीने की कला भी सिखाई है।
पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. सुलोचना शर्मा ने डॉ. गुप्ता के समर्पित एवं आदर्श शिक्षकीय जीवन की सराहना की।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता ऐसे शिक्षक हैं जिन पर पूरा शिक्षक समाज गर्व कर सकता है। उन्होंने अपने संपूर्ण सेवाकाल में कर्तव्यपरायणता, अनुशासनप्रियता और निष्ठा की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की है, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार राकेश पोरवाल ने कहा कि डॉ. गुप्ता का संपूर्ण जीवन एक चलती-फिरती पाठशाला है, जहाँ अनुशासन, सरलता और मानवीय संवेदनाओं का मधुर समन्वय निरंतर दिखाई देता है। डॉ दिव्या पोरवाल ने भी डॉक्टर गुप्ता जी के कार्य शैली एवं अनुशासन के कर्तव्य पथ पर रहकर कार्य किया इस पर समस्त शिक्षण कार्य कर रहे हैं शिक्षकों को पालन करने के लिए आग्रह कियाl
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. उदय यार्दे पूर्व महापौर डॉ. सुनीता यार्दे, प्रदीप उपाध्याय है उमेश मजावदिया, विकास मजावदिया, संजय मजावदिया ने शॉल-श्रीफल भेंट कर डॉ. गुप्ता का सम्मान किया। डॉ. गुप्ता की जीवनसंगिनी श्रीमती नूतन मजावदिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस स्नेह और सम्मान को परिवार के लिए अविस्मरणीय बताया। पलाशा गुप्ता ने डॉ. गुप्ता के सरल, विनम्र एवं विद्वतापूर्ण व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजया कुशवाह ने किया तथा अंत में आयुष गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में प्रकाश सेठिया, आरएन केरावत, आशीष दशोत्तर,कमलेश पापरीवाल, प्रतीक मजावदिया,रक्षा के कुमार,संजय जैन, धर्मेंद्र मंडवारिया शिक्षा, समाजसेवा, चिकित्सा, विधि, पत्रकारिता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे और सभी ने डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता के स्वस्थ, सक्रिय एवं यशस्वी उत्तरजीवन की मंगलकामना की।