राजगीर में सोहम् मुनि जी और ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त नेतृत्व में चला नशा मुक्ति आंदोलन

राजगीर, नालंदा । युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से राजगीर में सोमवार को एक विशाल नशा मुक्ति आंदोलन चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व परम् पूज्य लौह पुरुष जैन संत सोहम् मुनि जी महाराज साहब एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ज्योति बहन ने संयुक्त रूप से किया।
अभियान की शुरुआत शहर के मुख्य मार्गों से प्रभात फेरी के साथ हुई। इस दौरान संतों और ब्रह्माकुमारी बहनों के साथ सैकड़ों युवाओं और स्थानीय लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त हो राजगीर हमारा” जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक किया।

नशा है जीवन का नाश – सोहम् मुनि जी
इस अवसर पर सोहम् मुनि जी महाराज साहब ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को नष्ट कर देता है। उन्होंने कहा, “जिस घर में नशा है, उस घर में कभी शांति नहीं हो सकती। युवाओं को अपनी ऊर्जा को तप, ध्यान और राष्ट्र निर्माण में लगाना चाहिए, नशे में नहीं।”

ब्रह्माकुमारी बहनों ने दिया आत्म-जागरूकता का संदेश
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की ज्योति बहन ने कहा कि नशे की जड़ मन की अशांति और नकारात्मक सोच है। राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक ज्ञान से मन को शक्तिशाली बनाकर ही नशे पर विजय पाई जा सकती है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन ध्यान करने और अपने मन को व्यसनों से मुक्त रखने का संकल्प दिलाया।
इस आंदोलन के तहत बाजार, बस स्टैंड और स्कूल-कॉलेजों के पास जाकर लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया। कई दुकानदारों और युवाओं ने मौके पर ही नशा छोड़ने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में समाजसेवी अनिता कुमारी गुप्ता, डॉ.रमेश कुमार पान सहित ब्रह्माकुमारी केंद्र की कई बहनें और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *