‘खेलेगा इंडिया, जीतेगा भारत’ थीम के साथ रेलकर्मियों ने लिया खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग



रतलाम 29 अगस्त। हॉकी के जादूगर एवं महान भारतीय खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। रतलाम मंडल खेलकूद संघ के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलकर्मियों को खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के अंतर्गत ‘खेलेगा इंडिया, जीतेगा भारत’ थीम पर देशभर में खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त 2026 को रतलाम मंडल में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत मंडल कार्यालय रतलाम परिसर से रेलवे फुटबॉल ग्राउंड तक दौड़ के आयोजन के साथ हुई। इस दौड़ में मंडल रेल प्रबंधक रतलाम श्री अश्वनी कुमार सहित मंडल के सभी शाखाधिकारी, अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं खेलकूद से जुड़े रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ में सहभागिता करते हुए फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त रतलाम वॉलीबॉल ग्राउंड में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। इस दौरान रेलकर्मियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। खेल गतिविधियों के माध्यम से रेलकर्मियों में टीम भावना, अनुशासन, आपसी समन्वय एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर रतलाम मंडल खेलकूद संघ द्वारा रेलकर्मियों को नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने दैनिक जीवन में फिटनेस को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उक्त कार्यक्रम का आयोजन श्री पीयूष पाण्डेय, सचिव, रतलाम मंडल खेलकूद संघ के निर्देशन में किया गया।