
रतलाम 03 सितंबर। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के दाहोद स्टेशन पर दिनांक 02 सितंबर 2026 को दाहोद–आनंद मेमू ट्रेन से उतरने के प्रयास के दौरान एक यात्री के गिरकर घायल हो गया था, रेलवे कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए घायल यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिनांक 02 सितंबर 2026 को रतलाम–दाहोद मेमू ट्रेन दाहोद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर लगभग 11:23 बजे पहुंची। लगभग दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन के दाहोद–आनंद मेमू (गाड़ी संख्या 69190) के रूप में रवाना होने के पश्चात एक व्यक्ति द्वारा चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया गया। इसी दौरान वह ट्रेन के नीचे गिर गया।
गार्ड द्वारा तत्काल ट्रेन को रोका गया। प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेवल अनिता ने तत्परता से मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को अटेंड किया। ड्यूटी पॉइंट्समैन चंदू भाई, ऑन-ड्यूटी टीसी जितेश तथा दाहोद जीआरपी स्टाफ द्वारा भी तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायल व्यक्ति के दाहिने हाथ में कोहनी के नीचे गंभीर घाव था तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी हल्की चोटें आई थीं। स्टेशन मास्टर द्वारा तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। घायल व्यक्ति को स्ट्रेचर की सहायता से एंबुलेंस तक पहुंचाकर उपचार के लिए जाइडस अस्पताल, दाहोद भेजा गया।
घायल यात्री की पहचान श्री दयाराम पाटीदार, उम्र 70 वर्ष, निवासी ग्राम बिरमावल, तहसील एवं जिला रतलाम के रूप में हुई। उनके पुत्र श्री जगदीश पाटीदार ने बताया कि वे अपने पिता के साथ सामान्य टिकट के माध्यम से रतलाम से दाहोद की यात्रा कर रहे थे।
रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने का प्रयास न करें यह जानलेवा भी हो सकता है । ट्रेन के पूर्ण रूप से रुकने के बाद ही सुरक्षित रूप से चढ़े या उतरें ।