आचार्य श्री ने कहा – सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलेंगे तो विजय सुनिश्चित है


इंदौर (राजेश जैन दद्दू) । इंदौर में चल रहे चातुर्मास के दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटु चोकसे ने विभिन्न जैन संतों एवं साध्वी जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पुर्व शहर कांग्रेस कमेटी महामंत्री राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इस अवसर पर पटवारी ने परम पूज्य आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज के दर्शन किए। आचार्य श्री ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने से विजय निश्चित होती है। जनसेवा में सत्य, अहिंसा, करुणा और सद्भावना को प्राथमिकता देना चाहिए।
इसके पश्चात पटवारी ने श्वेतांबर समाज की साध्वी जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। साध्वी जी ने बताया कि जब इंदिरा गांधी जी चुनाव के समय दिगंबर संत के पास मार्गदर्शन के लिए पहुंची थीं, तब उन्हें ‘हाथ के पंजे’ का चुनाव चिन्ह प्रदान किया गया था। यह चिन्ह सभी जीवों के प्रति दया, प्रेम, सत्य, अहिंसा और सर्वधर्म समभाव का प्रतीक है। साध्वी जी ने सभी धर्मों के प्रति सम्मान और सद्भाव बनाए रखने का आशीर्वाद दिया।
तत्पश्चात पटवारी ने परम पूज्य तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापक मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मुनि श्री ने कहा कि सभी जीवों की रक्षा करें और सर्वधर्म समभाव की भावना रखें।
इस पर श्री पटवारी ने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी भी इसी भावना से कार्य कर रही है कि सभी जीवों की रक्षा हो, समाज सत्य-अहिंसा के मार्ग पर चले और हर वर्ग के व्यक्ति की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित हो। मुनि श्री ने कांग्रेस के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर धर्म रक्षा समिति द्वारा दलालबाग चातुर्मास स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष पटवारी का एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चोकसे स्वागत सम्मान किया गया। इस अवसर पर, प्रदेश प्रवक्ता आनंद जैन कासलीवाल पूर्व शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, संगठन मंत्री संजय बाकलीवाल, अनुरोध जैन मनीष अजमेरा, राजेश जैन ‘दादू’ सहित चातुर्मास कमेटी के अध्यक्ष नवीन आनंद गोधा, आकाश आलोक कोल, हर्ष जैन, अशोक दोसी, राहुल जैन (स्पोर्ट्स) निर्मल कासलीवाल, ,प्रवीण पटनी, सुरेंद्र बाकलीवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।