

रतलाम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान” के अंतर्गत जिला पंचायत सभा कक्ष रतलाम में नवांकुर सखियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि माटी गणेश अभियान पर्यावरण एवं जल संरक्षण के साथ स्वदेशी माटी कला को बढ़ावा देने का जनजागरूकता अभियान है। उन्होंने घर-घर मिट्टी के गणेशजी स्थापित करने तथा स्वयं मिट्टी की प्रतिमा बनाने के लिए आमजन से आह्वान किया।पर्यावरणविद् खुशाल सिंह पुरोहित ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ अन्य पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों में भी सहभागिता जरूरी है। उन्होंने उपस्थितजनों को मिट्टी के गणेश बनाने, स्थापित करने, POP प्रतिमाओं से बचने तथा जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने की शपथ दिलाई।
एनआरएलएम जिला परियोजना अधिकारी योगेश सिंह तिवारी ने कहा कि माटी गणेश की स्थापना हमारी परंपरा को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने मिट्टी की प्रतिमा अपनाने और स्थानीय माटी कलाकारों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण में विकासखंड समन्वयक शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, श्रेष्ठ नव निर्माण फाउंडेशन के संरक्षक नरेंद्र श्रेष्ठ सहित कर्मचारी, नवांकुर सखियां एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। माटी गणेश अपनाएं—पर्यावरण बचाएं, जल बचाएं और स्वदेशी माटी कला को बढ़ावा दें।