बड़ावदा में शासकीय महाविद्यालय खोलने की मांग ने पकड़ा जोर

राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री,उच्च शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र

राज्यपाल को नगर परिषद अध्यक्ष ने दिया था मांग पत्र

बड़ावदा (शिरीष सकलेचा)। नगर में शासकीय महाविद्यालय खोलने की मांग काफी समय से की जा रही है।इसको लेकर नगर परिषद अध्यक्ष कल्पना कुमावत ने गत दिनों शिक्षक दिवस के कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गहलोत को एक मांग पत्र सौंपा था। जब राज्यपाल कार्यक्रम सम्पन होने के बाद लौट रहे थे तब पुनः अध्यक्ष कुमावत ने उन्हें इस मांग का स्मरण कराया था। जिस पर राज्यपाल गहलोत ने आश्वस्त किया था कि वे मुख्य मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री से इस संबंध में पत्राचार करेंगे।मुख्य मंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री को लिखे पत्र….नगर परिषद अध्यक्ष कुमावत ने बताया कि हमारे द्वारा मांग पत्र सौंपा गया था उसके बाद राज्यपाल गहलोत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए 8 सितंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार को पत्र भेजकर बड़ावदा में आगामी सत्र से शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। राज्यपाल डॉ. गहलोत ने पत्र में बताया कि बड़ावदा जिला रतलाम का विकसित नगर है, जिसकी आबादी दस हजार से अधिक है। नगर एवं आसपास के क्षेत्र में शासकीय तथा अशासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इसके अलावा बड़ावदा के आसपास के कई बड़े गांवों में भी उच्च माध्यमिक विद्यालय हैं, जहां से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में विद्यार्थी 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करते हैं। पत्र में कहा गया है कि बड़ावदा में महाविद्यालय नहीं होने के कारण 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए नगर से दूर स्थित महाविद्यालयों में जाना पड़ता है। दूरी और अन्य परेशानियों के चलते अनेक विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में बड़ावदा में शासकीय महाविद्यालय शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिल सकेगी। आपने यह भी उल्लेख किया कि बड़ावदा को इस सौगात को मिलने से क्षेत्र के युवा विकसित भारत के संकल्प में अपना योगदान देने में और अधिक सक्षम बन सकेंगे। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री से नगर परिषद बड़ावदा की अध्यक्ष द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर विद्यार्थियों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।लड़कियों को रहना पड़ता है उच्च शिक्षा से वंचित…. बड़ावदा नगर एवं आसपास के कई गांवों में होनहार लड़कियां है।जो पढ़ने में अव्व्ल हैं लेकिन यहां महाविद्यालय की सुविधा नहीं होने से वे अन्यत्र पढ़ने नहीं जा सकती। परिजन भी उन्हें बाहर नहीं भेजते है। ऐसे में कई लड़कियां उच्च शिक्षा से वंचित रह रही है। सामाजिक कार्यकर्ता विनय जोशी ने बताया कि बड़ावदा में कालेज की सुविधा होना जरूरी है।जिले का कालूखेड़ा जो कि पंचायत स्तर का गांव है, वंहा काफी समय पहले से कालेज है। बड़ावदा तो नगर परिषद दर्जा प्राप्त है। क्षेत्रीय सांसद, विधायक को भी इस मूलभूत सौगात को दिलाने का प्रयास करना चाहिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने बताया कि शीघ्र इस विषय को लेकर भोपाल जाकर मुख्य मंत्री , उच्च शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेंगे। सांसद ,विधायक का भी सहयोग लेंगे। उन्होंने आगामी सत्र से बड़ावदा में शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ करने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही कराने का अनुरोध किया। महाविद्यालय खुलने से बड़ावदा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे तथा उन्हें शिक्षा के लिए दूर जाने की परेशानी से भी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *