मूक-बधिर विद्यालय के बच्चों को ड्राइंग बुक व कलर बॉक्स वितरित कर मनाया सेवा कार्यक्रम

संस्था ने बच्चों के साथ समय बिताकर किया उत्साहवर्धन, विद्यालय को “भारत की प्रेरणादायक महान महिलाएं” की तस्वीर भी भेंट

रतलाम। आदर्श पुरुष महिला एवं बाल बालिका सामाजिक कल्याण संस्था द्वारा आज जन चेतना केंद्र, मूक-बधिर विद्यालय छात्रावास में निवासरत मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए विशेष सेवा एवं जनचेतना कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से छात्रावास में रहने वाले बच्चों को ड्राइंग बुक एवं कलर बॉक्स वितरित किए गए। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ कुछ समय आत्मीयता से व्यतीत किया तथा उनके साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर संस्था द्वारा “भारत की प्रेरणादायक महान महिलाएं” विषय पर तैयार की गई एक सुंदर एवं प्रेरणादायक तस्वीर भी विद्यालय को भेंट की गई। तस्वीर में देश की विभिन्न प्रेरणादायक महिलाओं के जीवन, संघर्ष एवं उपलब्धियों को दर्शाया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को देश की महान महिलाओं के जीवन से प्रेरणा लेने तथा आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। संस्था के सदस्यों ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, आवश्यकता है तो केवल उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और अपनत्व देने की।
विद्यालय के विशेष शिक्षक शशी सिंह, सांकेतिक भाषा दुभाषिया वर्षिता कुमावत, शिक्षक शर्मिला भट्ट, शिक्षक ऋषिका राणावत तथा रसोइया एवं छात्रावास व्यवस्थापिका राधा मयूर उपस्थित रहे।

संस्था के सदस्य रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संस्था के पंडित ओमप्रकाश ओझा, पंडित प्रदीप जोशी, निलेश राठौड़, हेमंत राठौड़, कन्हैयालाल बोडाना, वीरेन्द्र कतीजा एवं राहुल मकवाना उपस्थित रहे। साथ ही दिशा-निर्देश प्रदान करने वाले पटवारी साहब एवं अन्य साथीगण भी मौजूद रहे।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था द्वारा समाज के जरूरतमंद, कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए सेवा, सहयोग, शिक्षा, जनचेतना एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मूक-बधिर विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ समय बिताकर उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा उनके मनोबल को बढ़ाने का प्रयास किया गया।
संस्था का संदेश है—
“सेवा ही संकल्प है, मानवता ही धर्म है।”
आदर्श पुरुष महिला एवं बाल बालिका सामाजिक कल्याण संस्था
IDEAL MAN WOMEN AND CHILDREN WELFARE ORGANIZATION 🌹🙏
योगी अखाड़ा न्यूज के लिए रतलाम ग्रामीण विधानसभा संवाददाता राहुल मकवाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *