
झुमरीतिलैया। चर्या शिरोमणि आचार्य गुरुदेव श्री विशुद्धसागरजी महामुनिराज के आशीर्वाद तथा जैन संत मुनि श्री 108 सुयश सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में जैन मंदिर के बगल प्रांगण में 16 से 25 सितंबर तक दसलक्षण महापर्व के साथ दस दिवसीय विरागोदय संस्कार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में धर्मलाभ के लिए स्थानीय ओर झारखंड के विभिन्न शहरों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। आयोजन को लेकर विरागोदय वर्षायोग कमेटी ओर कोडरमा समाज के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
शिविरार्थियों को संदेश देते हुए मुनि श्री 108 सुयश सागर मुनीराज ने कहा कि इस शिविर के माध्यम से श्रावक अपना आत्म कल्याण करेंगे जो धर्म संस्कारों के साथ जितना तपेगा उतना निखरेगा आगे कहा कि शिविर के लिए जितनी तैयारी सामान की आवश्यक है, उतनी ही तैयारी मन की भी होनी चाहिए। दस दिनों के इस आध्यात्मिक अवसर को केवल एक धार्मिक कार्यक्रम मानकर नहीं, बल्कि अपने जीवन में आत्मसात करने के भाव से सहभागी बनना चाहिए। तभी विरागोदय संस्कार शिविर का वास्तविक उद्देश्य सार्थक होगा।
नई पीढ़ी को धर्म और संस्कारों से जोड़ने की पहल
आज के बदलते परिवेश में बच्चों और युवाओं को अपनी संस्कृति, धर्म और संस्कारों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए शिविर में जैन धर्म के सिद्धांतों, भगवान महावीर के संदेश, अहिंसा, सत्य, संयम, त्याग, तप, करुणा और सदाचार जैसे विषयों पर धार्मिक एवं संस्कारपूर्ण मार्गदर्शन दिया जाएगा।
मुनि श्री सुयश सागर जी मुनीराज के मंगल प्रवचन और सानिध्य में श्रद्धालुओं को धर्म के साथ-साथ अपने जीवन को संस्कारमय एवं अनुशासित बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
शिविर के दौरान सामायिक, स्वाध्याय, पूजा-अर्चना, धार्मिक चर्चा, प्रतिक्रमण,प्रवचन एवं विभिन्न संस्कारमय गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। बच्चों एवं युवाओं के लिए विशेष गतिविधियों के माध्यम से उन्हें जैन संस्कृति और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
यह शिविर जैन मंदिर के बगल प्रांगण में होगा शिविर की सम्पूर्ण तैयारी कर ली गई है शिविर में बैठने वालों को 24 घंटे गुरुदेव के बताए कार्यक्रम में रहना होगा।सुबह 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक केवल धर्म गंगा में ही डुबकी लगाना है।ये पूरा कार्यक्रम जैन समाज के अंतर्गत विरागोदय वर्षायोग कमेटी के नेतृत्व में स्थानीय पंडित अभिषेक शास्त्री में निर्देशन में होगा।उक्त जानकारी शिविर संयोजक सिद्धार्थ जैन सेठी ओर कुणाल जैन ठोल्या ने मीडिया प्रभारी राज कुमार जैन अजमेरा,नवीन जैन ने दी।