सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविरों का किया भ्रमण




रतलाम 17 सितंबर । प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश शासन, जेल विभाग एवं जिले के नोडल अधिकारी श्री मुकेश चन्द्र गुप्ता एवं कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत रतलाम में आयोजित रक्तदान शिविरों का भ्रमण किया। उन्होंने डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज एवं नगर निगम परिसर में आयोजित रक्तदान शिविरों में पहुंचकर रक्तदाताओं से संवाद किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज रतलाम, जिला चिकित्सालय रतलाम, नगर पालिक निगम कार्यालय रतलाम तथा तहसील कार्यालय रतलाम में प्रातः 10 बजे से रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में नागरिकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
प्रमुख सचिव श्री गुप्ता ने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने रक्त के व्यवस्थित संग्रहण एवं सुरक्षित रख-रखाव के लिए उचित प्लानिंग के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान के लिए दूर-दूर से लोग रतलाम पहुंचे और उत्साह के साथ रक्तदान किया, यह सराहनीय है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को स्मरण करते हुए विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रक्तदान शिविर आयोजित कर नागरिकों को सेवा कार्यों से जोड़ा जा रहा है। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, सयुक्त कलेक्टर श्री संजय शर्मा, एसडीएम श्री तरुण जैन, मेडिकल कॉलेज के डीन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।