स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत रतलाम रेलवे स्टेशन पर श्रमदान

रतलाम । पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 17 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक मनाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सोमवार, 21 सितम्बर 2026 को रतलाम रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता श्रमदान अभियान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री अक्षय कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुंजीलाल मीणा सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, स्काउट एवं गाइड, वेस्टर्न रेलवे मज़दूर संघ,वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन,एससीएसटी तथा ओबीसी एसोसिएशन के सदस्यों ने रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 एवं सर्कुलेटिंग एरिया में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की। सभी ने मिलकर स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की तथा यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्रमदान के दौरान स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने के लिए यात्रियों एवं उपस्थित लोगों को प्रेरित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान कर ‘स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है’ का संदेश दिया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत रतलाम मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रेल परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ-साथ यात्रियों एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *