एक करोड़ देशवासी एक साथ वंदे मातरम का गायन करके गिनीज बुक में वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कराएंगे

विद्या भारती द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर काटजू नगर में एक लय-ताल में वन्देमातरम का होगा सामूहिक गायन

रतलाम 23 सितम्बर । वंदेमातरम् की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा 25 सितंबर 2026, शुक्रवार को पूरे देश में एक साथ वंदेमातरम् के सामूहिक राष्ट्रीय गीत का आयोजन किया जाएगा। एक सुर, एक लय, एक ताल में एक करोड़ देशवासी एक साथ वंदे मातरम का गायन करके गिनीज बुक में वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज करने वाले हैं। इसी क्रम में सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर, काटजू नगर रतलाम में भी प्रातः 11 बजे सामूहिक वंदेमातरम् गीत होगा। आयोजन में विद्यालय के भैया-बहनों के साथ आचार्य, अभिभावक तथा विभिन्न समविचारी संस्थाओं के कार्यकर्ता एवं समाजजन भी सहभागिता करेंगे। देशभर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में एक साथ, एक लय और एक ताल में वंदेमातरम् पूर्ण गीत गाया जाएगा।
आयोजन के संयोजक शैलेन्द्र सुरेका, सह संयोजक सुनील लाठी ने बताया कि वंदेमातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता संघर्ष यात्रा, राष्ट्रभक्ति और देश के लिए किए गए असंख्य त्याग एवं बलिदानों की भावनाओं को अपने में समाहित करने वाला राष्ट्रभाव का प्रतीक है। इसकी 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से इसके ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालय में होने वाले कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है। एक ही समय पर देशभर में वंदेमातरम् के सामूहिक स्वर गूंजने के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियां वि‌द्यालय परिवार द्वारा की जा रही हैं। आयोजन में विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष विरेन्द्र सखलेचा ने वि‌द्यार्थियों, अभिभावकों एवं राष्ट्रभावना से जुड़े नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनने का आह्वान किया है। इस अवसर पर रतलाम मे मुख्य कार्यक्रम सरस्वती शिशु मंदिर काटजू नगर मे होगा और एक कार्यक्रम सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल अमृत सागर कॉलोनी मे होगा इनमें लगभग 1000 से ज्यादा उपस्तिथि रहेगी। जो पुरे देश मे एक साथ एक समय पर आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *