रतलाम मंडल के मुख्य टिकट निरीक्षक श्री सत्यदेव मलिक का एशियन गेम्स 2026 में कुश्ती रेफरी के रूप में चयन

इंदौर, 24 सितंबर। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मुख्य टिकट निरीक्षक श्री सत्यदेव मलिक का जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 की कुश्ती प्रतियोगिता में रेफरी के रूप में चयन हुआ है। एशियन गेम्स 2026, कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 29 सितंबर से 03 अक्टूबर 2026 तक आइची-नागोया, जापान में किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार श्री सत्यदेव मलिक को कुश्ती के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का व्यापक अनुभव प्राप्त है। वे इससे पूर्व ओलंपिक गेम्स, एशियन गेम्स एवं कॉमनवेल्थ गेम्स में दो-दो बार रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान एवं कुश्ती प्रशिक्षक भी रहे हैं। कुश्ती के क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता एवं लंबे अंतरराष्ट्रीय अनुभव को देखते हुए उन्हें एशियन गेम्स 2026 के लिए रेफरी के रूप में चयनित किया गया है।
श्री सत्यदेव मलिक की यह उपलब्धि न केवल रतलाम मंडल बल्कि पश्चिम रेलवे एवं भारतीय रेलवे के लिए भी गौरव का विषय है। वे भारतीय रेलवे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में सेवाएं देने वाले एकमात्र कर्मचारी हैं।
श्री मलिक के एशियन गेम्स 2026 में चयन पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री अक्षय कुमार, पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल खेलकूद संघ के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) श्री पीयूष पाण्डेय तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हिना वी. केवलरामानी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंडल अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल प्रदर्शन एवं सफल आयोजन की कामना करते हुए कहा कि श्री मलिक की यह उपलब्धि रेलवे कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *