बड़ावदा को उप डाकघर के रूप में मिली सौगात

  • डिजिटल युग में डाक विभाग की सेवा आज भी महत्वपूर्ण
  • बीस साल से चल रहे थे प्रयास
  • क्षेत्रवासियों को मिलेंगी डाक एवं वित्तीय सेवाओं की बेहतर सुविधाएं

बड़ावदा (शिरीष सकलेचा) । डाक विभाग द्वारा आमजन को बेहतर, सुलभ एवं आधुनिक डाक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे है। डिजिटल युग में भी डाक विभाग गांव से लेकर शहर तक तमाम सुविधाएं मुहैया करा रहा है। डाक सेवा ,जनसेवा के मूलमंत्र को अंगीकार करते हुए अब बड़ावदा शाखा डाकघर को उन्नत कर बड़ावदा उप डाकघर के रूप में सौगात दी जा रही है। जिसमें नगर परिषद का काफी सहयोग विभाग को मिला है।
उक्त बाते डाकघर अधीक्षक रतलाम संभाग राजेश कुमावत ने बड़ावदा डाकघर में विभागीय डाकघर के लोकार्पण अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही। कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष कल्पना कुमावत , जिला योजना समिति सदस्य अनिल अवस्थी , मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा , सांसद प्रतिनिधि राजेन्द्र कुमावत, सीएमओ अनिल कुमार सक्सेना, पूर्व नप उपाध्यक्ष संजय चावड़ा , बाबूलाल कुमावत आदि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया । फीता काटकर नये भवन(पुरानी नगर परिषद) का लोकार्पण किया गया । अतिथियों का स्वागत विभाग के हेमंत जोशी, दशरथ चौहान, हेमंत बैरागी, सुमित शर्मा आदि ने किया।
अधीक्षक कुमावत ने बताया कि लगभग बीस साल से मेरी इच्छा बड़ावदा को विभागीय डाकघर बनाने की थी जो अब पूरी हुई। आपने विभाग द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की विस्तार से बताया। आपने बताया कि अब बड़ावदा का पिन कोड 457113 हो गया है। बड़ावदा के पास दो गांवों ललीयाना, हनुमंतिया में भी डाकघर की सुविधा शुरू की गई है।

भवन की दिलायेंगे स्वीकृति
नगर परिषद अध्यक्ष कल्पना कुमावत ने कहा कि हमारी मेहनत अब सफल हुई है। हम सांसद जी से डाक विभाग का स्वयं का भवन स्वीकृत कराने का प्रयास कर रहे हैं। अनिल अवस्थी ने नगर परिषद से और सहयोग दिलाने की बात कही। संचालन प्रेम राज मीणा सहायक अधीक्षक मुख्यालय एवं आभार अजीत कुमार डाक निरीक्षक, जावरा ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *