
रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर 17 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत रेलवे के मैकेनिकल विभाग द्वारा मॉर्निंग स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल, रतलाम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यशाला में वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर श्री आदित्य मालवीय एवं जूनियर इंजीनियर श्री राघवेंद्र चौहान द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को Solid Waste Management Guidelines 2026 के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान कचरे के उचित निस्तारण, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण तथा रेलवे स्टेशनों एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
कार्यशाला में विशेष रूप से चार अलग-अलग डस्टबिन के माध्यम से कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि गीला, सूखा तथा अन्य प्रकार के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में अलग-अलग डालना स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए आवश्यक है। साथ ही रेलवे स्टेशनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने तथा एंटी-लिटरिंग के संबंध में भी जागरूक किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 1000 विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाना तथा स्वच्छ रेलवे स्टेशन एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।