कृषि उपज मंडी रतलाम में 7 अक्टूबर को होगा बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कृषकों को करेंगे संबोधित
  • कृषि की आधुनिक तकनीक, जैविक खेती एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की मिलेगी जानकारी

रतलाम । सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले में 7 अक्टूबर 2026 को कृषि उपज मंडी, महू-नीमच रोड रतलाम में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री भगवान सिंह अर्गल ने बताया कि महोत्सव में जिले की समस्त तहसीलों से लगभग 4 से 5 हजार कृषकों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में जिले के समस्त जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कृषकों को संबोधित करेंगे।
महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों एवं जैविक खेती की जानकारी प्रदान की जाएगी। विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी लगाकर कृषि क्षेत्र में उपयोगी नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने की जानकारी प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में कृषि एवं आत्मा, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी, सहकारिता, उद्यानिकी, जल संसाधन, मत्स्य, जिला पंचायत, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिले के प्रगतिशील कृषक भी अपनी उन्नत कृषि तकनीकों एवं नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा जिले के प्रगतिशील कृषकों तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
उप संचालक कृषि श्री अर्गल ने जिले के समस्त कृषकों से अपील की है कि वे बलराम कृषि महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर कृषि की आधुनिक तकनीकों, जैविक खेती एवं उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त करें तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *