संसदीय अनुभव और कार्यकुशलता के साथ अब रेलवे से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दों की समीक्षा में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका

रतलाम 3 अक्टूबर । केन्द्र सरकार द्वारा मंदसौर संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता को रेलवे संबंधी स्थायी समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इसको लेकर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। यह जिम्मेदारी संसदीय कार्यप्रणाली में उनके महत्वपूर्ण दायित्व को दर्शाती है। रेलवे संबंधी स्थायी समिति संसद की महत्वपूर्ण समितियों में शामिल है, जो रेलवे के कामकाज, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, आधारभूत संरचना के विकास तथा रेलवे से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा करती है।
कॉरपोरेट विधियां विधेयक से संबंधित संयुक्त संसदीय समिति में उनकी भूमिका और संसदीय अनुभव के बाद रेलवे जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र से जुड़ी समिति की जिम्मेदारी मिलना उनके संसदीय कार्यक्षेत्र के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है। इस महत्वपूर्ण दायित्व के साथ रेलवे की नीतियों, बजट, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और विकास परियोजनाओं जैसे विषयों पर संसदीय समीक्षा में उनकी भूमिका अहम रहेगी।
रेलवे संबंधी स्थायी समिति संसद की विभाग-संबंधी स्थायी समितियों में से एक है। इसका प्रमुख दायित्व रेल मंत्रालय के कामकाज, बजट, नीतियों और महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा करना तथा आवश्यक सुझाव और सिफारिशें संसद के समक्ष प्रस्तुत करना है। समिति रेलवे के विकास से जुड़े विषयों का अध्ययन करती है और संबंधित मंत्रालय से जवाबदेही तथा कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी मंत्रालय को देती है।
रेलवे देश की आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा, समयबद्ध रेल सेवाएं, आधुनिक स्टेशन, बेहतर कनेक्टिविटी और माल परिवहन की प्रभावी व्यवस्था सीधे तौर पर आम नागरिकों, व्यापारियों, किसानों और उद्योगों से जुड़ी हुई है। ऐसे में रेलवे संबंधी स्थायी समिति की भूमिका नीतिगत समीक्षा और सुधार के सुझाव देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
समिति के चेयरमैन के रूप में बैठकों की अध्यक्षता करना, चर्चा को दिशा देना, विभिन्न विषयों पर सदस्यों के विचारों को सुनना तथा समिति की रिपोर्ट और सिफारिशों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में भूमिका निभाना महत्वपूर्ण दायित्व हैं।
कॉरपोरेट विधियां विधेयक से संबंधित संयुक्त संसदीय समिति में कार्य के अनुभव से लेकर रेलवे जैसे व्यापक राष्ट्रीय महत्व के क्षेत्र की संसदीय समीक्षा तक, सांसद सुधीर गुप्ता की यह नई जिम्मेदारी अब तक दिए गए सभी महत्वपूर्ण दायित्वों में सफलता के कारण केन्द्र सरकार द्वारा उन्है अहम जिम्मेदारी दी जा रही है। अब वह रेलवे से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ मंत्रालय के समक्ष रखेंगे। और रेल सुविधाओं एवं विकास के लिए अहम साबित होंगे। सांसद सुधीर गुप्ता ने इस नवीन दायित्व के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला एवं केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस नवीन जिम्मेदारी पर पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करेंगे।