जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं एवं भविष्य की जरूरतों के निर्धारण में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका : कलेक्टर श्री कटेसरिया

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए चार दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ

रतलाम 12 अक्‍टूबर । जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का वास्तविक कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी तक किया जाना प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण कार्य की तैयारियों के तहत शासकीय कन्या महाविद्यालय, रतलाम में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े विभिन्न स्तरों के अधिकारियों, कर्मचारियों, तकनीकी सहायकों एवं जनगणना लिपिकों को उनके दायित्वों और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

दो चरणों में दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम चरण में 12 एवं 13 अक्टूबर को जिला स्तर के अधिकारियों, जनगणना अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम), ग्रामीण चार्ज अधिकारियों (तहसीलदार), अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों (नायब तहसीलदार) तथा उनके जनगणना लिपिकों एवं तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
द्वितीय चरण 14 एवं 15 अक्टूबर को प्रमुख जनगणना अधिकारी, आयुक्त नगर निगम, नगर जनगणना अधिकारी, जोनल चार्ज अधिकारी तथा समस्त नगर पालिका एवं नगर परिषद के चार्ज अधिकारियों सहित उनके जनगणना लिपिकों एवं तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

कलेक्टर ने जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अजय कटेसरिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश एवं प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों तथा भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जनगणना के 40 प्रश्नों एवं सीएमएमएस पोर्टल की दी जानकारी
प्रशिक्षकों ने पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के कार्यों, जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों तथा उनसे संबंधित विभिन्न परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय, भोपाल से आए प्रशिक्षक श्री तेजेंदर एवं जिला प्रभारी सुश्री ओजस्विनी शर्मा ने जनगणना की पृष्ठभूमि, मूलभूत सिद्धांतों, अवधारणाओं तथा विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों के दायित्वों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री बृजेंद्र रावत, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला योजना अधिकारी श्री बी.के. पाटीदार सहित समस्त एसडीएम, ग्रामीण चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *