समृद्ध सकारात्मक लेखन हमारी पहचान – डॉ. चांदनीवाला

  • साहित्य की साझा विरासत सुखद – प्रो. चौहान
  • जनवादी लेखक संघ द्वारा पांच साहित्य साधकों का सम्मान

रतलाम। समृद्ध सकारात्मक लेखन हमारी पहचान है । हमारा शहर ऐसी साहित्यिक गतिविधियों से ही पूरे प्रदेश में अपने महत्वपूर्ण स्थान रखता है । हमारे रचनाकारों ने यहां की साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाया और हम सभी को धनवान किया। हम इस विरासत को आगे बढ़ाकर इसी तरह और अधिक समृद्ध बनाने के लिए प्रयास करें । साहित्य साधकों का सम्मान हमारी इस परंपरा का सम्मान है और आने वाले कल के लिए एक संदेश भी।
उक्त विचार जनवादी लेखक संघ द्वारा आयोजित ‘साहित्य का मान’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्वान साहित्यकार डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला ने व्यक्त किए । उन्होंने कहा कि रतलाम में जो आयोजन होते हैं उनमें सभी की सामूहिकता नई आशाएं जगाती हैं । बड़े शहरों में ऐसा नहीं होता है। हमारे यहां सभी रचनाशील व्यक्ति मिलकर शहर की साहित्य परंपरा को आगे बढ़ाने में लगे रहते हैं , यह हमारे लिए सुखद है।
गुलाब चक्कर में आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कवि एवं अनुवादक प्रो. रतन चौहान ने कहा कि हमारी साझा विरासत और सांस्कृतिक एकरूपता रतलाम के साहित्य में परिलक्षित होती है । यहां के रचनाकारों ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया और हम सभी का यह दायित्व भी है कि हम इस विरासत को और आगे बढ़ाएं। उन्होंने सम्मानित रचनाकारों को बधाई दी।
जनवादी लेखक संघ के अध्यक्ष यूसुफ़ जावेदी ने कहा कि जनवादी लेखक संघ सदैव साहित्य के नए प्रतिमान स्थापित करता रहा है । दिवंगत रचनाकारों के परिजनों द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह हम सभी के लिए सुखद है। इसमें दिवंगत रचनाकारों को उनके परिजनों द्वारा स्मृति में स्थापित रखा जा रहा है, यह प्रेरणादायक है।

इन्हें किया गया सम्मानित
जनवादी लेखक संघ द्वारा पिछले वर्षों से शहर के दिवंगत रचनाकारों की स्मृति में उनके परिजनों द्वारा स्थापित सम्मान प्रदान किया जा रहे हैं । इसी श्रृंखला में वर्ष 2026 का दानिश अलीगढ़ी स्मृति सम्मान वरिष्ठ शायर फ़ैज़ रतलामी को प्रदान किया गया । दिवंगत कवि नंदलाल उपाध्याय ‘अतुल विश्वास’ की स्मृति में दिए जाने वाले सम्मान इस वर्ष वरिष्ठ कवयित्री डॉ .गीता दुबे एवं कवि रणजीत सिंह राठौर को प्रदान किया गया । शहर के मधुर गीतकार रहे मोहन ‘अंबर’ की स्मृति में स्थापित सम्मान वरिष्ठ गीतकार प्रतिभा पांडे एवं शायर डा. फ़रीद शेख को प्रदान किया गया ।

दूसरी और तीसरी पीढ़ी ने पढ़ी रचनाएं
दानिश अलीगढ़ी सम्मान की जानकारी उनके शागिर्द शायर सिद्दीक़ रतलामी ने दी। नंदलाल उपाध्याय की पुत्रियों कल्पना सेलत एवं साधना देसाई ने उनकी कविता सुनाई। मोहन ‘अंबर’ की रचना का पाठ उनकी पुत्री रचना चंद्रावत एवं नाती अजय चंद्रावत ने किया। इस अवसर पर सम्मानित होने वाले रचनाकारों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति भी दी । संचालन आशीष दशोत्तर ने किया तथा आभार जावेद अलीगढ़ी ने व्यक्त किया। समारोह में शहर के सुधि साहित्यकार उपस्थित थे।

तरही नशिस्त 20 दिसम्बर को
जनवादी लेखक संघ द्वारा आयोजित होने वाली तरही नशिस्त के छठे सोपान का आयोजन 20 दिसम्बर को होगा। इसमें तरही मिसरे ‘ आईने इन दिनों बेज़ुबां हो गए ‘ पर सभी अपनी ग़ज़लें प्रस्तुत करेंगे। जलेसं ने सुधिजनों से उपस्थिति का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *