रतलाम शहर के निजी पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया गया- सीएमएचओ

रतलाम । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रतलाम ने बताया कि रतलाम जिले में कोविड-19 संबंधी लैबोरेटरी जाँचो के लिए राज्य शासन द्वारा दर निर्धारित की गई है । निजी लैब संचालकों को निर्धारित दरों पर ही जांच किए जाने के संबंध में सी एम एच ओ कार्यालय द्वारा निर्देश जारी किए गए थे । इस क्रम में जारी आदेश का पालन सुनिश्चित करने हेतु कार्यालय द्वारा दल गठित किया गया । जिला स्तर पर गठित दल में डॉक्टर बी एल तापड़िया सर्जिकल स्पेशलिस्ट , श्री आशीष चौरसिया जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी , श्री अनिल राठौर लैब टेक्नीशियन जिला चिकित्सालय रतलाम एवं श्रीमती शीला चौहान सहायक ग्रेड 3 द्वारा शहर में संचालित निजी लैब का मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान कोविड-19 से संबंधित जाँचो के लिए लेबोरेटरी द्वारा लिए जा रहे शुल्क की पड़ताल की गई । लेबोरेटरी पर संधारित रजिस्टर का निरीक्षण किया गया । रजिस्टर पर अंकित राशी एवं उसका बिल राशि से मिलान किया गया । जांच कराने वाले लोगों से समक्ष में चर्चा की गई । आज शहर के 12 निजी पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया जा चुका है। सभी लैब संचालकों को परीक्षण संबंधी दरों का प्रदर्शन करने , प्रत्येक मरीज को अनिवार्य रूप से बिल प्रदान करने एवं जांच के पूर्व राशि की पूरी जानकारी देने के संबंध में निर्देशित किया गया । उल्लेखनीय है कि अब तक किए गए निरीक्षण के दौरान पैथोलॉजी लैब संचालकों द्वारा राज्य शासन से निर्धारित दरों पर ही राशि लिया जाना पाया गया है । सी एम एच ओ ने बताया कि निर्धारित राशि से अधिक राशि लिए जाने की दशा में संबंधित लैब संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी ।

Play sound