रतलाम। शहर की अग्रणी सामाजिक संस्था महावीर इंटरनेशनल का पारिवारिक मिलन समारोह होटल समता सागर में महावीर इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष लोकेश कावडिय़ा के मुख्य आतिथ्य एवं डॉ प्रदीप जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
सभा का शुभारंभ सामूहिक महावीर प्रार्थना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संस्था अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने स्वागत भाषण दिया। संस्थापक सचिव महेंद्र छाजेड़ ने बताया कि कोरोना काल की भीषण त्रासदी में महावीर इंटरनेशनल द्वारा रतलाम शहर में 1000 रेमडीसीविर इंजेक्शन उपलब्ध करवाकर मरीजों को निशुल्क प्रदान किए गए । झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र एवं श्रमिक वर्ग में 5000 मास्क वितरित किए गए। महावीर इंटरनेशनल द्वारा ऑक्सीजन मशीन, ईसीजी एवं इंजेक्शन आदि की सेवाएं होम आइसोलेशन के मरीजों को घर पर प्रदान की गई। मरीजों के लिए दो हेल्पलाइन का संचालन किया गया। शीत ऋतु में झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र में पांच सौ कंबल वितरित किए गए। अतिथि लोकेश कावाडिया ने संबोधित करते हुए कहा कि महावीर इंटरनेशनल रतलाम द्वारा कोरोना काल में प्रदान की गई सेवाएं सराहनीय है। आप ने आह्वान किया की सामाजिक संस्थाएं अभावग्रस्त एवं श्रमिक वर्ग को ट्रेनिंग देकर रोजगार उपलब्ध कराएं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाए। आपने विभिन्न प्रकार के खानपान के उत्पादों के लघु उद्यमों की जानकारी प्रदान की। पूर्व अध्यक्ष जयंत वोहरा, अशोक खाबिया, हर्षा पारस जैन ने भी विचार व्यक्त किए। संस्था अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने अतिथि लोकेश कावडिय़ा को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। विशाल वर्मा ने इंसुलिन का पौधा भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र छाजेड़ ने किया। आभार सुरेंद्र जैन ने माना।