राष्ट्रसंत के सानिध्य में कैदियों के संग होली मिलन

  • बयों ने ली नशा मुक्ति और अपराध मुक्ती की शपथ
  • राष्ट्रसंत एवं संत मंडल का भीलवाड़ा की ओर विहार सोमवार को

चित्तौड़गढ़। जिला कारागृह में अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच की चित्तौड़गढ़ इकाई के तत्वावधान मैं राष्ट्रसंत कमल मुनि कमलेश के सानिध्य में कैदियों के साथ होली मिलन आयोजित किया गया। इस मौके पर राष्ट्र संत कमल मुनि कमलेश एवं तपस्वी घनश्याम मुनि एवं गौतम मुनि ने कैदियों को नशा मुक्ति और अपराध मुक्ति की शपथ दिलाई।राष्ट्र संत कमलमुनि कमलेश ने जिला कारागृह में कैदियों को संबोधित करते हुए कहा कि जन्म से कोई डाकू और संत नहीं होता यह सब संगति का असर होता है। व्यक्ति जैसी संगति करेगा वैसा ही उसका उस पर प्रभाव पड़ेगा जिसका परिणाम संपूर्ण सृष्टि पर पड़ता है।
मुनिश्री ने कहा कि बुरी संगति में चाहे कितना भी लालच व प्रलोभन मिले नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह अपराध की जननी है, बुरी संगति से स्वयं का नुकसान भी होता है और सभी सद्गुण नष्ट हो जाते हैं। अच्छी संगति अमृत के समान होती है और बुरी संगति जहर के समान होती है। मुनि कमलेश ने कहा कि सत्संग के माध्यम से ही जीवन में पवित्र विचारों का संचार होता है। बुरे विचार से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार, डॉक्टर और विज्ञान के पास कोई साधन नहीं है ।
उन्होंने कहा कि डंडे दबाव और कानून से बुराई को थोड़ा दबाया जा सकता है लेकिन बुराई को समूल नष्ट नहीं किया जा सकता है , मौका पाकर विस्फोटक बन जाती है। मुनि श्री ने कहा कि बुरी संगति से व्यक्ति नशा, अपराध, बुराई व बीमारी के जगत में प्रवेश कर जाता है, लेकिन महापुरुषों की वाणी की सत मार्ग प्रदान करती है। जो जन्म जन्मांतर में आत्मा का उत्थान कर सकती है।
इस मौके पर राष्ट्रसंत ने की प्रेरणा से कैदियों ने नशा मुक्ति व अपराध मुक्ति का संकल्प लेते हुए संकल्प व्यक्त किया कि वे जीवन में सत्संग का मार्ग अपनाएंगे।इस मौके पर अखिल भारतीय जैन दिवाकर विचार मंच के चित्तौड़गढ़ इकाई द्वारा कैदियों के साथ होली मिलन कर उन्हें प्रसाद वितरित किया गया ।
इस मौके पर जेल उपाधीक्षक योगेश कुमार तेजी सहित मंच के अध्यक्ष प्रकाश नाहर, मंत्री मनीष बाबेल, पारस डांगी, महावीर कांठेड़, प्रमोद बंब ,रघुवीर सिंह भाटी, प्रचार मंत्री संजय खाबिया एवं विवेक वैष्णव तथा प्रभावना वितरित करने वाले मनीष बाबेल एवं बाबेल परिवार से श्रीमती रेखा बाबेल और अक्षिता बाबेल आदि भी मौजूद थे।
इससे पूर्व बीती रात सीए अर्जुन मुंदड़ा के निवास पर गुरुदेव से भेंट करने कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर आदि पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में आमजन से गोदान व गोसेवा करने की अपील की।
राष्ट्र संत कमलमुनि कमलेश रविवार सायंकाल चंदेरिया विश्राम के बाद सोमवार को आजोलिया का खेड़ा स्थित सिंघवी मार्बल पर पहुंचेंगे, जहां सोमवार प्रातः 9:30 बजे व्याख्यान होंगे। इसके पश्चात संत मंडल भीलवाड़ा की ओर प्रस्थान करेंगे। जहां 18 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। राष्ट्रसंत एवं संत मंडल का मंदसौर चातुर्मास हेतु प्रवास के दौरान पुनःअप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में चित्तौड़गढ़ प्रवास रहेगा।