खेल परिसर बाजना में प्रथम चरण के प्रवेश प्रक्रिया 18 से 24 जून तक होगी

रतलाम । जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत संचालित खेल परिसर बाजना में नवीन एवं नवीनीकरण छात्रों के प्रवेश प्रक्रिया का प्रथम चरण 18 जून से 24 जून तक होगा। सहायक आयुक्त श्रीमती पारुल जैन एवं संस्था प्राचार्य श्री आर.के. जैन बताया कि विद्यार्थियों का खेल परिसर हेतु चयन तहसील स्तर पर निर्धारित दिनांकवार किया जाएगा। परिसर के लिए चयन प्रक्रिया के तहत तहसील सैलाना में 18 एवं 19 जून को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सैलाना में, तहसील रावटी में 20 एवं 21 जून को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रावटी में तथा खेल परिसर मुख्यालय बाजना पर 22 जून से 24 जून तक चयन प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। प्रवेश के लिए रतलाम जिले की अन्य तहसीलों एवं अन्य जिले के खिलाड़ी भी उक्त दिनांक में प्रवेश के समय उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं ।
उन्होंने बताया कि खेल परिसर में प्रवेश के लिए क्षेत्र एवं जिले का कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। छात्र को मध्य प्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है। नवीन प्रवेश हेतु छात्र कक्षा छठी, सातवीं, आठवीं में अध्ययनरत होना आवश्यक होगा। नवीनीकरण हेतु छात्र इन कक्षाओं के प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे। पात्र होने के लिए खिलाड़ी विद्यार्थियों का चयन आयु वर्ग, वजन, ऊंचाई, शारीरिक दक्षता हेतु 7 परीक्षण के आधार पर किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बाजना बालक खेल परिसर आवासीय संस्था है। प्रवेशित होने वाले विद्यार्थियों को शासन द्वारा निःशुल्क आवास, खेलकूद उपकरण, शिष्यवृत्ती, पोषण आहार, खेलकूद के किट, गणवेश के साथ ही विभागीय कोच एवं अनुभवी खेल अनुदेशकों द्वारा कबड्डी, कुश्ती, एथलेटिक्स का कुशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी उक्त दिनांक में अपने शैक्षणिक दस्तावेज एवं पासपोर्ट साइज के दो फोटो के साथ आधार कार्ड, प्रोफाइल, बैंक पासबुक, समग्र आईडी, जाति निवासी प्रमाण पत्र की फोटो कॉपी लेकर तहसील स्तर पर अथवा 22 जून से 24 जून के मध्य बाजना खेल परिसर पर उपस्थित हो सकते हैं।

Play sound