खिलाडिय़ों को पर्याप्त सुविधा न मिलने और खेल मैदानों की दुर्दशा के कारण प्रतियोगिताएं कम होने लगी है-शरद जोशी

अखिल भारतीय टूर्नामेंट में मुंबई ने ओरंगाबाद को हराया

रतलाम। वरिष्ठ पत्रकार शरद जोशी ने कहा कि रतलाम ने फुटबाल केे क्षेत्र में राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई खिलाड़ी दिए है। राजशाही जमाने में पोलो मशहूर खेल हुआ करता था। स्थानीय महाराजा सज्जनसिंह ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पोलो खेल का प्रतिनिधित्व किया था। उसके बाद फुटबाल रतलाम का लोकप्रिय खेल रहा है। लेकिन वर्तमान दौर में खिलाडिय़ों को पर्याप्त सुविधा न मिलने और खेल मैदानों की दुर्दशा के कारण प्रतियोगिताएं आयोजित होना कम हो गई है। प्रशासन को चाहिए कि वह खेल व खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए खेल मैदानों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें। खेल मैदानों पर अन्य गतिविधियां संचालित नहीं होना चाहिए। रेलवे ग्राउंड, नेहरू स्टेडियम ,कालेज ग्राउंड और अम्बेडकर ग्राउंड की दुर्दशा जगजाहिर है।
श्री जोशी ने यह बात मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय फुटबाल स्पर्धा के दौरान कही। भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रांतीय संयोजक यतीन्द्र भारद्वाज ने भी कहा कि खेल और खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए सामाजिक संस्थाओं को भी आगे आना चाहिए। खिलाडिय़ों को अच्छा माहौल मिलेगा तो वह राष्ट्रीय स्तर पर रतलाम का नाम रोशन करेंगे। जिला संयोजक अनुज शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए।
जिला पंचायत सदस्य नाथुभाई गामड़ भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रारंभ में अध्यक्ष अजय तिवारी, संयोजक राकेश मिश्रा, सहसंयोजक राहुल ओस्तवाल, निलेश पटेल , सचिव सलमान अब्बासी ने अतिथियों का स्वागत किया।
गुरूवार के प्रथम मैच में ओरंगाबाद और सेंचुरी मुम्बई के बीच हुए मैच में मुंबई ने 2-1 से सफलता प्राप्त की। प्रारंभ में संयोजक राकेश मिश्रा ने बताया कि प्रतिदिन दो मैच हो रहे है। देशभर की 16 प्रमुख टीमें स्पर्धा में भाग ले रही है। फाईनल मुकाबला 16 अक्टूंबर को दोपहर 2 बजे रेलवे ग्राउंड पर ही होगा।

Play sound