ईश्वर की बनाई हुई गाड़ी में कचरा क्यों डालते हैं आप – हृदय रोग चिकित्सक डॉ एचएससी खंडेलवाल

रतलाम । मानव शरीर भी किसी चलायमान वाहन की तरह होता है जिसे नियमित साफ-सफाई और ईंधन की आवश्यकता होती है जो उसे निरंतर गतिमान और स्वस्थ बनाए रखता है । हम जिस प्रकार हमारे वाहन का ध्यान रखते हैं उसी प्रकार ईश्वर के दिए हुए हमारे इस मानव शरीर का भी ध्यान रखना चाहिए और उसमें अनावश्यक गंदगी जैसे पान, गुटखा, पाउच, शराब इत्यादि नहीं डालना चाहिए । हमारी गाड़ी में हम कभी भी पेट्रोल के स्थान पर घासलेट का प्रयोग नहीं करते हैं क्योंकि उससे गाड़ी के खराब होने का डर रहता है । उसी प्रकार मनुष्य जीवन में इस शरीर को भी हमें कचरा गाड़ी नहीं बनाना चाहिए।
उक्त उद्गार संस्था परस्पर द्वारा अपने स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित निशुल्क मधुमेह एवं ब्लड प्रेशर जांच शिविर में उपस्थित रोगियों एवं संस्था पदाधिकारियों तथा गणमान्य जनों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नगर के प्रसिद्ध हृदय रोग चिकित्सक डॉ एचएससी खंडेलवाल ने व्यक्त किए । आपने कहा कि हमारी अनियमित दिनचर्या और खानपान ही हमारी बीमारी का कारण बनती जा रही है जिससे हमें सावधान रहना होगा । असमय हार्ट अटैक और अन्य बीमारियां मधुमेह के बढऩे से होती है, अत: इसे नियंत्रित रखने के लिए प्रात: कालीन घूमना तथा चिंता से मुक्त रहना ही इसका सफल निदान है ।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि प्रसिद्ध समाज सेवक दिनेश वाघेला ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसे चिकित्सक की सीमाएं प्राप्त है जो विकट परिस्थिति में भी नागरिकों की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं । आरंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।
स्वागत भाषण संस्था अध्यक्ष महेश अग्रवाल ने देते हुए बताया कि विगत 2 वर्षों से संस्था द्वारा मधुमेह जांच शिविर लगाया जा रहा है तथा अन्य सामाजिक सेवा गतिविधियां भी आयोजित कर संस्था के मूल उद्देश्य को पूरा किया जा रहा है । शिविर में अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम प्रभारी महेश व्यास दिनेश शर्मा, संरक्षक अभय सुराणा, कमलेश पालीवाल, अभय लोढ़ा, निमिष व्यास, प्रदीप लोढ़ा, चंदन राठौड़, शैलेंद्र व्यास, मनीष जैन, मितेश अग्रवाल, रमेश पोरवाल, दशरथ पोरवाल, सचिन गेलड़ा, प्रीतम बरगट, संदीप राठौर, मनीष शर्मा आदि ने किया । शिविर में सहयोग देने के लिए तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया ।

Play sound