राजनीतिक दल बूथ लेवल एजेंट नियुक्ति का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें : कलेक्टर श्री सूर्यवंशी

जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न

रतलाम । विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत रतलाम जिले में शुद्ध निर्वाचक नामावली तैयार की जा रही है। अभी भी राजनीतिक दलों द्वारा अपने बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति का कार्य शत प्रतिशत रूप से नहीं किया गया है, शीघ्रता से बीएलए नियुक्ति कार्य पूर्ण करें। उक्त निर्देश कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा सोमवार को संपन्न जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में दिए गए। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री राधेश्याम मंडलोई, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि श्री नितिन लोढा, श्री पीयूष बाफना, श्री मांगीलाल जैन, श्री एम.एल. नगावत, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री अनुराग सिंह आदि उपस्थित थे।
31 अगस्त की अंतिम तिथि तक मतदाता सूची में नाम जुड़वा जा सकते हैं
बैठक में कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा कि संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आगामी 31 अगस्त तक मतदाता सूची में नाम जुड़वा जा सकते हैं। जो भी मतदाता छूट गए हो वह अपना नाम जुड़वा ले। राजनीतिक दलों से भी कलेक्टर ने अनुरोध किया कि वह अपने स्तर से संबंधित प्रयास करें, छूटे हुए मतदाता एवं नवीन मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाएं।
संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी
बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी द्वारा जिले में आयोग के निर्देश अनुसार संचालित मतदाता सूची संक्षिप्त प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। बताया गया कि अभी तक 33 हजार आवेदन नाम जोड़ने के लिए प्राप्त हुए हैं। रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 8 हजार 636 आवेदन नाम जोड़ने के लिए प्राप्त हुए हैं। इसी तरह रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र में 5 हजार 774, सैलाना में 5 हजार 881, जावरा में 7 हजार 297 तथा आलोट विधानसभा क्षेत्र में 5 हजार 420 आवेदन नाम जोड़ने के लिए प्राप्त हुए हैं। अभी 31 अगस्त अंतिम तिथि तक नाम जुड़वाए जा सकेंगे।
कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने जिले के सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों का निराकरण किसी भी स्थिति में आगामी 8 सितंबर तक शत-प्रतिशत रूप से किया जाना है। कलेक्टर ने कहा कि जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक प्रति सप्ताह आयोजित की जाएगी। समिति में सम्मिलित व्यक्तियों का व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि संवाद निरंतर बना रहे।
समभाव, सदभाव संभव का विशेष नवाचार
बैठक में कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि इस बार का विधानसभा निर्वाचन 2023 समभाव, सद्भाव, संभव के विशेष नवाचार के साथ होगा। संभव के तहत निष्पक्ष निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, मतदाताओं, कार्मिकों में समभाव को विकसित करना है। राजनीतिक दलों में एक दूसरे के प्रति सद्भावना का विकास तथा समभाव, सद्भाव के माध्यम से सहज, सरल, निर्विघ्न निर्वाचन संपन्न करने का लक्ष्य प्राप्त करना है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों को समभाव, सदभाव संभव की शपथ भी दिलाई।

Play sound