कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जिला ओलंपियाड प्रतियोगिता में चयनित छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया

रतलाम । जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा में चयनित जिले के प्राथमिक एवम् माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को कलेक्टर सभागार में कलेक्टर एवं मिशन संचालक श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने सभी चयनित बच्चों की सराहना एवं उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतिभागियों से जीवन के भावी लक्ष्य पर चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में रामपुरिया की छात्रा भूमिका रावत पिता पवनेंद्र सिंह रावत एवम सांगाखेड़ा की छात्रा पूजा कुंवर डोडिया पिता प्रेमसिंह डोडिया ने तीन विषयों में जिले में स्थान प्राप्त किया। कलेक्टर सूर्यवंशी ने उपस्थित पालकों एवम् शिक्षकों द्वारा बच्चों के भविष्य के लिए शिक्षा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की सराहना की । चयनित छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप और अच्छी मेहनत कर शिक्षा के क्षेत्र में जिले को गौरवान्वित करें।
कार्यक्रम में जिले के 8 प्राथमिक एवं 13 माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को ओलंपियाड प्रतियोगिता 2023 के चयनित होने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एपीसी श्री लतीफ खान, श्री राजेश कुमार झा, बीआरसी श्री विवेक नागर, श्री राजीव लोचन कुशवाहा, बीएसी श्री अजय बक्शी सहित शिक्षक, पालक उपस्थित रहे।

Play sound