

सीतामऊ (नयन जैन) । दस दिवसीय गणेशोत्सव पर्व सीतामऊ नगर में पूरे उमंग व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। नगर में विभिन्न स्थानों पर गणेश जी की स्थापना की गई है। जिसमें प्रमुख रूप से श्री राधाबावड़ी हनुमान धाम, श्री वटकेश्वर महादेव धाम, इंदु बालोद्यान, नगर परिषद प्रांगण सहित श्री गणपति चौक सम्मिलित है। साथी विभिन्न स्थानों पर नन्हे नन्हे बच्चों द्वारा भी भगवान श्री गणेश की स्थापना कर धूमधाम से भक्तिमय माहौल में 10 दिवसीय गणेशोत्सव मनाया जा रहा है।
बड़ा गणपति जी हरते है भक्तो के विघ्न – सबसे पहले बात करते हैं श्री गणपति चोक स्थित बड़ा गणपति मंदिर परिसर की जहां प्रतिदिन गणपति जी का विभिन्न रूपों में श्रृंगार किया जा रहा है वहीं गणपति चोक में विशेष विद्युत साज सज्जा के बीच नवयुवकों द्वारा गरबे (वाने) खेले जा रहे है। जिसका सम्पूर्ण संयोजन श्री बड़ा गणपति मित्र मंडल द्वारा किया जा रहा है।
अति प्राचीन श्री वटकेश्वर धाम में विराजित श्री गणपति जी महाराज – श्री साई एकता ग्रुप के तत्वावधान में पिछले कई वर्षों से गणेश उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष पोस्ट ऑफिस रोड पर विकासरत श्री वटकेश्वर महादेव धाम में विशेष विद्युत साज-सज्जा के साथ दस दिवसीय गणेशोत्सव समिति द्वारा मनाया जा रहा है। डोल ग्यारस के दिन क्षेत्रीय विधायक हरदीप सिंह डंग, नगर परिषद अध्यक्ष मनोज शुक्ला, आयोजक एवं नगर परिषद उपाध्यक्ष सुमित रावत एवं सभापतिगण, पार्षदगण समाजसेवियों के विशेष आतिथ्य मैं महा आरती का आयोजन हुआ इसके पश्चात समिति सदस्यों द्वारा उपस्थित अतिथियों का दुपट्टा एवं माला पहनकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर समिति द्वारा 211 किलो खिचड़ी की प्रसादी वितरित की गई। समिति सदस्य प्रशांत चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों एवं महिलाओं के लिए प्रतिदिन विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसमे प्रतिदिन विभिन्न ज्ञानवर्धक गेम्स, महिलाओं के लिए आरती थाल सजाओ प्रतियोगिता आदि हो रहे है। जिसका संचालन युवा समाजसेवी नयन जैन कर रहे है। प्रतियोगिता में विजयी भक्त को पुरस्कृत किया जा रहा है। समिति सदस्य धर्मेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री साईं एकता ग्रुप द्वारा पिछले कई वर्षों से गणेशोत्सव का आयोजन ही रहा है। आने वाले समय में समस्त त्यौहार श्री वटकेश्वर महादेव धाम परिसर में आयोजित किए जाएंगे।
पुष्पक विमान में विराजत श्री गणेश जी दे रहे भक्तो को दर्शन – नगर के चर्चित गणेशोत्सव श्री राधाबावडी हनुमान धाम परिसर में प्रतिवर्ष विभिन्न रूप में गणपति जी का आगमन होता है। वही इस वर्ष पुष्पक विमान में बजरंगबली एवं लक्ष्मण जी के साथ भगवान श्री राम के रूप में विराजित है श्री गणेश जी महाराज। सदभावना समिति सदस्य तरुण घाटिया ने बताया कि भक्तों के सहयोग से गणेशोत्सव में प्रतिदिन महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जा रहा है। पीयूष जैन ने बताया कि ढोल ग्यारस के दिन खाटू श्याम बाबा की ज्योत व श्री सांवरिया सेठ के दरबार के दर्शन भी पंडाल में भक्तो द्वारा किये गए है।