523 ग्रामीणों तक पहुँची निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा — संस्था ने अब और गांवों तक सेवा पहुँचाने का लक्ष्य तय किया


जैन तीर्थ सम्मेदशिखर जी। श्री सम्मेदशिखरजी (मधुबन) स्थित गुणायतन एवं श्रीसेवायतन द्वारा 11 नवम्बर 2025 को प्रारंभ की गई “मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा” ने पीरटांड़ प्रखंड एवं आसपास के सुदूरवर्ती गांवों में सफलतापूर्वक अपना निर्धारित स्वास्थ्य सेवा अभियान पूर्ण कर लिया है। यह सेवा गुरुवर आचार्य श्री विधासागर जी महाराज के पावन आशीर्वाद तथा मुनिश्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज की प्रेरणा से प्रारंभ हुई थी। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र के उन ग्रामीण परिवारों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाना था, जहाँ चिकित्सकीय संसाधन अत्यंत सीमित हैं।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियाँ : गुणायतन एवं श्रीसेवायतन के मुख्य चिकित्सक श्री सुभाष बुदरुक ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा ने अब तक लगातार विभिन्न ग्रामों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए। इन स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन स्थल रहे— पालगंज, खुद्दीसार पंचायत, कमलसिंघा (बंध), खुर्खरा पंचायत, बहादुरपुर, तुइयो पंचायत, पिपराडीह, पांडेयडीह, इन शिविरों में ग्रामीणों को — स्वास्थ्य जांच, ब्लड टेस्ट, आवश्यक दवाएँ, परामर्श — पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।
इन शिविरों के माध्यम से कुल 523 ग्रामीणों की जांच एवं उपचार किया गया, जिनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग तथा दूरस्थ क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवार शामिल थे। प्रत्येक ग्राम में स्थानीय समुदाय ने इस पहल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और इसे अत्यंत जनहितकारी व उपयोगी बताया। ग्रामीणों ने कहा कि यह सेवा उन इलाकों में बड़ी राहत लेकर आई है, जहाँ सामान्य उपचार हेतु भी कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है।
सेवा ही सच्चा धर्म — करुणा और परोपकार का संदेश
गुणायतन के सीईओ श्री सुभाष जैन ने कहा— “मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा ने यह सिद्ध किया है कि सेवा ही सच्चा धर्म है। जैन धर्म के अहिंसा, करुणा और परोपकार के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का यह प्रयास एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरा है। गुणायतन एवं श्रीसेवायतन आरोग्य केंद्र आगे भी जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक एवं मानवीय सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाता रहेगा।”
आगे की योजना— अधिक गांव, अधिक लोग, अधिक सेवा
श्रीसेवायतन आरोग्य केंद्र के अध्यक्ष श्री राजकुमार जैन अजमेरा (हजारीबाग) ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट सेवा को मिले व्यापक जनसमर्थन और ग्रामीणों की सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए संस्था ने इस सेवा को आगे और व्यापक स्तर पर जारी रखने का निर्णय लिया है। अगला लक्ष्य है कि— और अधिक सुदूरवर्ती गांव, कमजोर आय वर्ग के परिवार, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग, प्रत्यक्ष रूप से इस निःशुल्क स्वास्थ्य अभियान का लाभ उठा सकें। अगले चरण आगामी 23 नवम्बर से संस्था चत्रो स्कूल, बगदहा, दलानचालकारी (जयनगर), धवातांड़, चेंगधारी (मंगरतीलैया), बेलातांड़ (पेन्द्रा बांध), मटियोंबेड़ा, लक्षमनटुंडा आदि गांव में जाएगी उक्त स्थान पर शिविर का समय सुबह 10 बजे से होगा, गुणायतन न्यास एवं श्रीसेवायतन अपनी सेवा यात्रा को और अधिक प्रभावी, व्यापक तथा निरंतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।संकलन कर्ता कोडरमा मीडिया जैन राज कुमार अजमेरा ।