भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री शर्मा का रतलाम प्रथम नगर आगमन कल 5 मार्च को अनेक कार्यक्रमों मे लेंगे भाग – श्री लुनेरा

रतलाम । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार 5 मार्च शुक्रवार को रतलाम आगमन हो रहा है। श्री शर्मा प्रातः 10 बजे से रात तक रतलाम मे अनेक पार्टी कार्यक्रमों मे भाग लेंगे तथा पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत रैली भी निकाली जायेगी। श्री शर्मा अपने व्यस्त दौरे मे पत्रकारों से भी रूबरू होंगे।
उक्त जानकारी देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह लुनेरा ने बताया कि श्री शर्मा प्रातः 9.30 बजे ग्राम सातरूण्डा से प्रवेश करेगे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया जायेगा। सातरूण्डा से रतलाम प्रवेश के बीच विभिन्न ग्रामों मे भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्री शर्मा के स्वागत समारोह आयोजित किये है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष प्रातः 10 बजे दिलबहार चोराहे पर पार्टी द्वारा आयोजित स्वागत पश्चात् पार्टी कार्यकर्ताओ के साथ रैली के रूप मे स्थानीय विश्राम गृह पर पहुंचेगे। इस बीच अनेक स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संगठनों द्वारा भाजपा अध्यक्ष का स्वागत किया जायेगा।
प्रातः 11.30 बजे श्री शर्मा महू रोड़ स्थित एक नीजि होटल मे पार्टी के प्रमुख वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के बाद दोपहर 12.30 बजे जिला भाजपा मंडल अध्यक्षों की बैठक मे अपना मार्गदर्शन देगे । तत्पश्चात भाजपा अध्यक्ष दोपहर 1.30 बजे उक्त नीजि होटल मे पत्रकारों से चर्चा करेगे। दोपहर 3.00 बजे स्थानीय रंगोली सभागृह मे भाजपा बूथ अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। तत्पश्चात शाम 4 बजे भाजपा नगर मंडल के पदाधिकारियों से औपचारिक भेंट करेंगे। शाम 4.30 बजे स्थानीय सजन प्रभा मे विद्वत जनों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। श्री शर्मा शाम 5.30 बजे सजन प्रभा से जोधाबाग (बरबड़ रोड़) के लिए प्रस्थान करेंगे जहां सोशल मीडिया वाॅरियर्स मीट मे भाग लेगे। सजन प्रभा से जोधाबाग के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारीयां की गई है।