
रतलाम। रतलाम अकाउंटेंट्स एसोसिएशन (RAA) ने अपने सफलतम 9 वर्ष पूर्ण कर 10 वें वर्ष में प्रवेश किया। इस शुभ अवसर पर 28 दिसंबर को संस्था का स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में संस्था के समस्त पूर्व अध्यक्ष, पूर्व पदाधिकारी, वर्तमान पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ प्रेषित कीं तथा केक काटकर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया गया।
इस अवसर पर संस्था के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि अकाउंटेंट राष्ट्र के राजस्व संग्रह (Revenue Collection) में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। उन्होंने बताया कि कर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पारदर्शिता बनाए रखने एवं आर्थिक विकास में अकाउंटेंट्स का योगदान अत्यंत सराहनीय है।
पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों तथा उपस्थित सदस्यों ने संस्था के इतिहास, उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने एक स्वर में संस्था को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर करने की शपथ ली।
स्थापना दिवस समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं संगठनात्मक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।