


रतलाम । भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के संयुक्त तत्वावधान में बसंत पंचमी महोत्सव एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को समारोह पूर्वक मनाया गया।
बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में बसंत महोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती भी श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. वाय. के. मिश्र के निर्देशन में माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ किया गया। सभी उपस्थितजनों द्वारा आरती की गई एवं प्रसाद ग्रहण किया गया। तत्पश्चात नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर पुण्य स्मरण किया गया ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. रविकांत मालवीय, सहायक प्राध्यापक (अंग्रेजी) रहे तथा विशिष्ट वक्ता डॉ. ऋतम उपाध्याय रहे। अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने बसंत पंचमी के सांस्कृतिक महत्व के साथ-साथ नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के विचारों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नेताजी पूर्ण स्वतंत्रता के प्रबल समर्थक थे। उनका प्रसिद्ध कथन – तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूँगा उनका अदम्य साहस, त्याग, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को संगठित होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।
आयोजन को प्राचार्य वाय.के. मिश्र द्वारा सम्बोधित करते हुए ज्ञान एवं विद्या की देवी माँ सरस्वती के बारे में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि हमें सदैव ज्ञान प्राप्त करने के लिए तत्पर रहना चाहिए क्योंकि यही ज्ञान आपके भविष्य का निर्माण करने में सारथी का कार्य करता है। साथ ही नेताजी सुभाषचन्द्र बोस के जीवन के बारे में प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में लोकगीत की सुंदर प्रस्तुति सुश्री नेहा डोडियार द्वारा दी गई। इसके पश्चात श्रीमती संगीता जैन ने संगीतमय भक्ति भाव से ओत-प्रोत भजन एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिसमें श्री कृष्णा मालवीय द्वारा तबला वादन कर संगत दी गई। प्रस्तुतियों ने सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना दिया।
आज का कार्यक्रम डॉ. अर्चना भट्ट, डॉ. अंजला सिंगारे, डॉ. ऋतम उपाध्याय, डॉ. दिनेश बौरासी एवं डॉ. आकाश ताहिर के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. ललिता मरमट द्वारा किया गया। आयोजन में अंत में डॉ. आकाश ताहिर, नोडल अधिकारी भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ द्वारा आभार व्यक्त कर कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु प्राचार्य महोदय, समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक वर्ग, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति एवं प्रेरणादायी मूल्यों के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरक पहल है।