


जावरा (अभय सुराणा )। रतलाम जिले के जावरा नगर के समीप स्थित पावन धार्मिक ग्राम बोरदा में आयोजित द्वितीय निःशुल्क कन्या विवाह एवं संगीतमय नानी बाई रो मायरो कथा का आज भव्य समापन हुआ। क्रांतिकारी प्रवक्ता पंडित मनोज कश्यप शेरपुर के पावन सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम के अंतर्गत 11 निर्धन कन्याओं का पाणिग्रहण संस्कार विधि-विधान से सम्पन्न कराया गया।
इस पावन अवसर पर निर्धन परिवारों की बेटियों का कन्यादान कर धर्मप्रेमियों ने सेवा, करुणा एवं मानवता की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की। विवाह समारोह में क्षेत्रभर से आए श्रद्धालुओं ने एकजुट होकर कन्यादान जैसे महापुण्य कार्य में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत 19 जनवरी से प्रतिदिन नानी बाई रो मायरो कथा का संगीतमय आयोजन किया गया, जिसमें पंडित मनोज कश्यप ने व्यासपीठ से संबोधित करते हुए समाज को जात-पात के भेद से ऊपर उठकर सनातन धर्म के प्रति एकजुट होने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी संस्कृति, परंपरा एवं विरासत की रक्षा हेतु सजग रहें और धर्म के लिए जीने की भावना विकसित करें।
कथा के दौरान नानी बाई के जीवन प्रसंग का विस्तार से वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण द्वारा 56 करोड़ का मायरा भरने की दिव्य कथा सुनाई गई, जिसे सुनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान बालिकाओं को शस्त्र विद्या प्रशिक्षण, भव्य भजन संध्या एवं समापन दिवस पर सामूहिक महाप्रसादी का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने एक साथ जाजम पर बैठकर प्रसादी ग्रहण की।
समापन समारोह में अनेक संत-महात्माओं ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया, जिनमें प्रमुख रूप से गोभक्त रामजीराम महाराज मचलाना, योगेशनाथ जी महाराज जेठाना, प्रहलाददास जी महाराज रूपनगर फंटा, शिवानंद जी महाराज शुजापुर एवं होरी हनुमान जी पुजारी लोकेश जी महाराज शामिल रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करणी सेना प्रमुख ठाकुर जीवन सिंह शेरपुर एवं डॉ. हमीर सिंह जी उपस्थित रहे। समूचे आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इसे एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी आयोजन बना दिया।