जैन समाज के पाँच सिद्धांत जीवन ही नहीं, देश-समाज को आगे बढ़ाने की देते हैं प्रेरणा-भूपेन्द्र यादव

अलवर। केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि जैन समाज के पाँच सिद्धांत केवल व्यक्तिगत जीवन जीने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे देश और समाज के निर्माण व उन्नति की प्रेरणा देते हैं। ये सिद्धांत मनुष्य को सात्विक, अनुशासित और मूल्यनिष्ठ जीवन की ओर ले जाते हैं।
यादव अलवर के कटीघाटी स्थित आरजी बिल्खा रिसोर्ट में मिशन सच नेटवर्क द्वारा आयोजित ‘जैन समाज के प्रमुख लोगों के सम्मान समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता समाचार प्लस चैनल के चेयरमैन संजय शर्मा ने की। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व विधायक रामहेत यादव, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, महासिंह चौधरी तथा सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान भी मौजूद रहे। केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने मिशन सच नेटवर्क टीम द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘जैन आइकॉन्स’ की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस पुस्तक में जैन समाज की विभिन्न प्रतिभाओं की सफलता की प्रेरक कहानियाँ संकलित हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक, आर्थिक या किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए व्यक्ति को पहले स्वयं में एक गुण विकसित करना चाहिए। आज की समस्या यह है कि लोग एक ही दिन में सभी गुण अपनाना चाहते हैं, जबकि ऐसा संभव नहीं है। एक गुण से शुरुआत करने पर शेष गुण स्वतः विकसित होते जाते हैं।

जैन समाज समाज को दिशा देने वाला— संजय शर्मा

विशिष्ट अतिथि प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि जैन समाज हर समाज को दिशा देने वाला समाज है। इसके नियम और सिद्धांत न केवल जीवन जीने की कला सिखाते हैं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य और अनुशासन का मार्ग भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि जैन समाज ने कभी किसी के सामने हाथ नहीं फैलाया, बल्कि सदैव अपने सामर्थ्य के अनुसार समाज को दिया है। यह समाज जिस कार्य का बीड़ा उठाता है, उसे पूर्ण कर दिखाता है।

संजय शर्मा ने घोषणा की कि अलवर में भगवान महावीर के नाम से तिजारा रोड पर एक भव्य गेट तथा बहरोड़ रोड पर एक अन्य गेट का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा शहर के अन्य प्रवेश द्वारों पर भी ईश्वर के नाम से गेट बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अलवर शहर स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए पहचाना जाएगा तथा जल संकट के समाधान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाचार प्लस चैनल के चेयरमैन संजय शर्मा एवं पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व मिशन सच नेटवर्क के डायरेक्टर राजेश रवि ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मिशन सच नेटवर्क के कार्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। अतिथियों का स्वागत मिशन सच टीम के राजेश रवि, विजय यादव, प्रेम पाठक, प्रदीप पंचोली, शोएब खान एवं राकेश जैन द्वारा गुलदस्ता भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ पत्रकार जिनेश जैन, प्रमोद मलिक, उद्योगपति शशांक झालानी एवं प्रदीप पंचोली ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप पंचोली ने किया तथा प्रेम पाठक ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *