एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब द्वारा RAMP एवं The Art of Living के माध्यम से उद्योगपतियों हेतु “डिफेक्ट फ्री, इफेक्ट फ्री एवं स्ट्रेस फ्री” कार्यशाला आयोजित

रतलाम 25 फरवरी । रतलाम जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए 25 फरवरी 2026 को उद्योग संवाद केंद्र (ICC), उद्योग भवन, औद्योगिक क्षेत्र, रतलाम में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का आयोजन एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब (ECC), रतलाम द्वारा एडैप्ट एजुसिस प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से तथा मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में उज्जैन संभाग के RAMP परामर्शदाता रवि वर्मा द्वारा “Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP)” योजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं एवं उद्योगों के लिए उसके व्यावहारिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रमाणित गुणवत्ता परामर्शदाता हेमंत झा ने “Zero Defect – Zero Effect (ZED)” गुणवत्ता प्रमाणन के महत्व, उसकी प्रक्रिया एवं उससे प्राप्त होने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
एडैप्ट एजुसिस प्राइवेट लिमिटेड के चंदन वाधवानी द्वारा सरकारी ई–बाजार मंच (GeM) एवं अन्य डिजिटल व्यापार प्लेटफॉर्म के माध्यम से उद्योगों के उत्पादों के विपणन तथा नए बाजार अवसरों पर उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, रतलाम के महाप्रबंधक अतुल बाजपेई के मार्गदर्शन में प्रबंधक सौरभ पाण्डेय द्वारा प्रदेश की नवीन औद्योगिक नीतियों, “मध्यप्रदेश MSME विकास नीति 2025”, “मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति 2025” तथा “मध्यप्रदेश भूमि नियम 2025” के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में The Art of Living के प्रशिक्षक राजेश पराशर (जयपुर) एवं विवेक वंसल (जालंधर) द्वारा सुदर्शन क्रिया के महत्व, तनाव प्रबंधन, एकाग्रता तथा सकारात्मक नेतृत्व पर व्यावहारिक सत्र आयोजित किया गया। उनके साथ विनोद सोनी (हिसार) सहित रतलाम के प्रशिक्षक अंजना नेमानी, सौरभ नेमानी एवं दिनेश जोशी उपस्थित रहे।
एंटरप्रेन्योर कॉफी क्लब के वरुण पोरवाल (प्रदेश सचिव, उद्योग – मालवा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज), संदीप व्यास (अध्यक्ष, संभागीय उद्योग संघ) एवं वैभव कुमार जैन (अध्यक्ष, नमकीन एवं अलाईड फूड क्लस्टर एसोसिएशन) ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्योगों को गुणवत्ता के उच्च मानकों के प्रति जागरूक करना, उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाना तथा राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना रहा। साथ ही, उद्योगपतियों को संतुलित एवं सशक्त नेतृत्व के माध्यम से संस्थान की उन्नत कार्यसंस्कृति विकसित करने हेतु प्रेरित किया गया। संस्था पदाधिकारियों द्वारा परफेक्ट पॉटरी के संचालक नवनीत महेश्वरी का सम्मान किया गया।
प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें गुणवत्ता सुधार, शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा अपने उत्पादों के विपणन को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। इस कार्यशाला में चंद्रप्रकाश अवतानी, ललित चोपड़ा, मनोहर कुमावत, पुनीत जैन, पुनीत अरोरा, वैभव माहेश्वरी सहित 75 से अधिक उद्योगपतियों ने सक्रिय सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *