
जावरा (अभय सुराणा)। सकल जैन समाज के आराध्य भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव को लेकर नगर में तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। श्री संयुक्त जैन महावीर जयंती उत्सव समिति, जावरा के तत्वावधान में 31 मार्च को महावीर जयंती श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के साथ धूमधाम से मनाई जाएगी।
समिति के अध्यक्ष अभय कोठारी, महासचिव शिखर धाड़ीवाल एवं कोषाध्यक्ष कैलाश बारोड ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी महोत्सव को भव्य एवं अनुकरणीय स्वरूप दिया जाएगा। कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने तथा विभिन्न जिम्मेदारियां तय करने के उद्देश्य से 27 फरवरी शुक्रवार को रात्रि 8 बजे श्री जैन पंचायती नोहरा, पिपली बाजार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है।
बैठक में सभी श्रीसंघ अध्यक्षों, जैन समाज के विभिन्न सोशल ग्रुपों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के अध्यक्षों, समिति के पदाधिकारियों तथा उपसमितियों के संयोजकों को आमंत्रित किया गया है। समिति पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से ही आयोजन को ऐतिहासिक बनाया जा सकता है।
ज्ञात हो कि महावीर जयंती के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा, धार्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक सेवा गतिविधियां एवं विभिन्न आध्यात्मिक आयोजन संपन्न होते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी समाजजनों में उत्साह का वातावरण है और आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।