नवोदय विद्यालय आलोट में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक के साथ हैंडबॉल एवं व्हालीबाल सिंथेटिक कॉर्ट का उद्घाटन

रतलाम 26 फरवरी । स्थानीय पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय आलोट 2 मध्य प्रदेश में विद्यालय की प्रबंधन समिति, सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय मेस समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। साथ ही विद्यालय में आई सी आई सी आई फाउंडेशन द्वारा निर्मित हैंडबॉल एवं व्हालीबाल सिंथेटिक कॉर्ट का उद्घाटन कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के कर कमलों से संपन्न हुआ।
सर्वप्रथम कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों का पारंपरिक स्वागत विद्यालय के प्राचार्य शांतिलाल तेली एवं उप प्राचार्या सुचिता खुराना द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया। तत्पश्चात कलेक्टर द्वारा विद्यालय के अकादमिक परिसर में विभिन्न प्रयोगशाला स्किल डेवलपमेंट, अटल टिंकरिंग लैब, सैमसंग लैब, कंप्यूटर लैब, सुव्यवस्थित कार्यालय, डिजिटल कक्षाओं एवं पुस्तकालय का निरीक्षण कर विद्यालय प्रबंधन, सलाहकार एवं मेस समिति की बैठक की अध्यक्षता की गयी।
बैठक में विद्यालय प्राचार्य शांतिलाल तेली द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत कर विद्यालय का परिचय एवं विभिन्न गतिविधियों तथा उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती मिशा सिंह द्वारा विद्यालय के विभिन्न बैठक बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा कर संबंधित विभागों के उपस्थित अधिकारियों को मुख्य मार्ग से विद्यालय भवन तक रोड़, मुख्य मार्ग पर साइन बोर्ड एवं गेट, जल जीवन मिशन अंतर्गत पानी के प्रबंधन, प्रति 6 माह में हेल्थ कैंप, कचरा निपटान हेतु 1 महीने में नगर पालिका आलोट को एकत्र कर ट्रेचिंग मैदान तक पहुंचाने, बालिका छात्रावास तार फेंसिंग का एस्टीमेट तैयार करने, सांसद निधि द्वारा अभिभावकों हेतु शेड निर्माण के साथ वन विभाग को सामाजिक वानिकी विभाग द्वारा 5000 पौधे लगाने के निर्देश प्रदान किये गये। विद्यालय को बड़ी सौगात के रूप मे खेल प्रतिभाओं को उभारने हेतु 400 मीटर सिंथेटिक ट्रेक बनाने की सहमति प्रदान करते हुए सम्बंधित विभाग को एस्टीमेट तैयार करने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर द्वारा विद्यालय प्रबंधन को विशेष निर्देश प्रदान करते हुए विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट्री दिखाने, विशेष पुस्तकों का चयन कर रीडिंग हैबिट्स बढ़ाने, पुस्तकालय का पूर्ण उपयोग करने एवं विषय शिक्षको का पूर्ण डिजिटल अध्ययन करवाने के निर्देश प्रदान किये।
विद्यालय प्रबंधन सलाहकार एवं जिला स्तरीय मेस समिति की बैठक में सांसद प्रतिनिधि श्री नंदन जैन, एस डी एम आलोट श्रीमती रचना शर्मा, ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी श्री देवेन्द्र मौर्य, विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री दिलीप शर्मा, खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्रीमति कादंबरी ढकाते, एस डी ओ सड़क लोक निर्माण श्री विकास कनेश, एस डी ओ भवन लोक निर्माण श्री कृष्णकांत यूईके, प्राचार्य शासकीय कॉलेज आलोट शिक्षाविद श्री ऋषि कुमार शर्मा, प्राचार्य सांदीपनी विद्यालय आलोट श्री फिरोज खान, विद्यालय अभिभावक परिषद सदस्य श्री श्रवण सिंह राठौड़ एवं श्रीमति गीता नंदनवार उपस्थित थे। बैठक के पश्चात खेल मैदान पर अंतरराष्ट्रीय मानक आधारित आई सी आई सी आई फाउंडेशन द्वारा निर्मित हैंडबॉल एवं व्हालीबाल सिंथेटिक कॉर्ट का उद्घाटन कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा किया गया।
उद्घाटन अवसर पर जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागों के अधिकारियों के साथ आई सी आई सी आई फाउंडेशन के अधिकारी रीजनल हेड श्री अर्पित सांखला, प्रोजेक्ट मैनेजर श्री सुधीर जैन, डेवलपमेंट आफिसर श्वेता मोहिते, स्थानीय शाखा प्रबंधक श्री सत्यनारायण दांगी उपस्थित थे। आई सी आई सी फाउंडेशन के अधिकारियों को विद्यालय प्रबंधन अध्यक्ष श्रीमती मिशा सिंह द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *